Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ में भीषण हादसा, कैंटर पर गिरी हाई-वोल्टेज बिजली की तार, चालक की जिंदा जलकर मौत
बहादुरगढ़ में भीषण हादसा, कैंटर पर गिरी हाई-वोल्टेज बिजली की तार, चालक की जिंदा जलकर मौत
Bahadurgarh News: हरियाणा के झज्जर जिले में स्थित बहादुरगढ़ से एक बेहद ही रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास पर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर के ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली के ढीले तारों की चपेट में आने से भीषण हादसा हो गया। वाहन में अचानक उतरा करंट इतना तेज था कि देखते ही देखते कैंटर आग का गोला बन गया और उसमें सवार चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
नीचे उतरते ही लगा करंट का जोरदार झटका, देखते ही देखते वाहन में भड़की आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश का रहने वाला कैंटर चालक राकेश बादली की ओर से सामान लादकर बहादुरगढ़ की तरफ आ रहा था। नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास के पास उसने कैंटर को सड़क के किनारे खड़ा किया और जैसे ही वह नीचे उतरने लगा, तभी ऊपर से गुजर रहे बिजली के झूलते तार कैंटर से टकरा गए। अर्थिंग मिलते ही पूरे कैंटर में भयंकर करंट दौड़ गया और देखते ही देखते कैंटर की केबिन में आग भड़क उठी। करंट और आग की उठती तेज लपटों के बीच घिरा चालक राकेश चीख-पुकार के बीच बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू, पुलिस खंगाल रही बिजली विभाग की लापरवाही
घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर में लगी विकराल आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेज दिया है और यह जांच की जा रही है कि ढीली तारों की इस जानलेवा लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।
यह भी पढ़ें– हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे नरवाना के दो कांवड़ियों की यमुनानगर में मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
