Bhiwani Love Affair Murder: हरियाणा के भिवानी जिले में प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश ने एक युवक की बलि ले ली। भिवानी के सिटी स्टेशन लाइन पार इलाके में मंगलवार देर रात 25 वर्षीय रवींद्र नामक युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। हमलावर कोई और नहीं, बल्कि युवक की कथित प्रेमिका के भाई और उनके साथी बताए जा रहे हैं। रंजिश की आग में अंधे हुए हमलावरों ने रवींद्र को बचाने आए उसके दो दोस्तों को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी अधमरा कर सड़क पर फेंक दिया।
आधी रात को लहूलुहान पड़े तड़पते रहे तीनों दोस्त, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना मंगलवार देर रात करीब तीन बजे की है। सूचना मिली कि सिटी स्टेशन के पास तीन युवक सड़क पर खून से लथपथ और बेसुध हालत में पड़े तड़प रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस की डायल-112 (ERV) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों को उठाकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद 25 वर्षीय रवींद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं हमले में घायल हुए हांसी के विराज नगर निवासी अजय और अनिल का इलाज जारी है।
“बहन से बात करने से मना किया था…”—घायलों ने खोली वारदात की पूरी कसमकश
अस्पताल में भर्ती घायल अजय और अनिल ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि रवींद्र की बातचीत अंजलि नाम की युवती से होती थी। इस बात का पता जब युवती के भाई रवि और मनीष को चला, तो उन्होंने पहले भी कई बार रवींद्र को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद जब दोनों की बातचीत जारी रही, तो भाइयों ने रंजिश पाल ली। मंगलवार रात मौका पाकर रवि और मनीष ने अपने 10-12 हमलावर साथियों के साथ रवींद्र को घेर लिया और उस पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
वारदात की खबर मिलते ही मृतक रवींद्र के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती तफ्तीश में ऑनर किलिंग और प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद ही हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आ रहा है। परिजनों के लिखित बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर केस दर्ज कर नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।
यह भी पढ़ें– Karnal News: करनाल में पुलिस को चकमा, ब्याना चौकी की दीवार लांघकर भागा भगोड़ा आरोपी रिंकू

