Narnaul News: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर जिले में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शुक्रवार को बिजली निगम के कार्यालय में विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में हुई बातचीत के बाद आवश्यक सेवाओं से संबंधित बिजली आपूर्ति बहाल करने पर बिजली यूनियन ने अपनी सहमति जताई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आमजन को आधारभूत एवं मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में बिजली कर्मचारी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए आवश्यक सेवाओं से जुड़ी बिजली आपूर्ति को निरंतर जारी रखें। उन्होंने कहा कि अपनी मांगें रखना हर किसी का अधिकार है, लेकिन मानवता के नाते भी हम सबका फर्ज बनता है कि अपनी बात एक दायरे में रहकर रखें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए आमजन के हित सर्वोपरि हैं।
बैठक के अंत में सभी बिजली कर्मचारी यूनियनों ने उपायुक्त को आश्वासन दिया कि वे अपना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे।

