Bollywood News: भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े और महंगे प्रोजेक्ट्स में शुमार फिल्म ‘रामायण’ अब ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर अपनी धाक जमाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर और इसके दो केंद्रीय किरदारों—भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और रावण के रूप में रॉकिंग स्टार यश के दो धमाकेदार सोलो पोस्टर्स दुनिया के सामने रख दिए हैं। इस बड़े कदम के साथ ही सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने इस प्राचीन भारतीय महाकाव्य को दुनिया भर के दर्शकों तक बड़े पैमाने पर पहुंचाने के लिए एक आक्रामक ग्लोबल कैंपेन की शुरुआत कर दी है, जिसने मनोरंजन जगत में जबरदस्त हलचल मचा दी है।
बेंगलुरु के ग्रैंड इवेंट में हुआ ट्रेलर लॉन्च
इस भव्य कैंपेन की शुरुआत के तहत बेंगलुरु में प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स की मेजबानी में एक शानदार इवेंट आयोजित किया गया। इस खास मौके पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और क्रू ने शिरकत की, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसी इवेंट के बाद ट्रेलर को छह अलग-अलग भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है।
राम और रावण के रूप में नजर आए रणबीर-यश
रिलीज किए गए सोलो पोस्टर्स में दोनों कलाकारों का आक्रामक और बेहद प्रभावशाली अवतार साफ नजर आता है। यश रावण के किरदार में एक प्राचीन महल के भीतर भाला थामे हुए मृत योद्धाओं के बीच खड़े हैं, जो किसी भीषण युद्ध के बाद के गंभीर और डरावने माहौल को बयां करता है। वहीं, दूसरे पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में तीर-धनुष ताने हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनके बैकग्राउंड में जंगल को चीरती हुई उगती सूरज की किरणें युद्ध के लिए उनकी अचूक तैयारी की गवाही दे रही हैं।
ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और सिनेमाघरों में दस्तक
इस ग्लोबल पुश के पीछे सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की बड़ी भूमिका है, जो भारत से बाहर दुनिया भर में इस फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी और नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर विजेता DNEG तथा मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स द्वारा निर्मित यह फिल्म दुनियाभर में आईमैक्स (IMAX) फॉर्मेट में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में दुनिया भर के सिनेमाघरों की शोभा बढ़ाएगा।
यह भी पढ़ें– राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत: 2 करोड़ रुपये जमा किए, शर्तों के साथ विदेश जाने का रास्ता खुला

