Chandigarh Marathon: चंडीगढ़ में खेल और फिटनेस के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल इंटरनेशनल मैराथन का रोमांच अब और बढ़ने वाला है। 22 नवंबर को होने वाली चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के दूसरे संस्करण के लिए आधिकारिक मैस्कट ‘सीआईएमआई’ का अनावरण कर दिया गया है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को मैस्कट का अनावरण किया और शहरवासियों सहित देश-विदेश के धावकों को इस आयोजन से जुड़ने का न्योता दिया। मैराथन के मैस्कट का नाम ‘सीआईएमआई’ रखा गया है, जिसका अर्थ ‘चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन आइकन’ है। इसका उच्चारण ‘सी मी’ है, जो आयोजन की टैगलाइन ‘सी मी एट मैराथन’ से भी जुड़ता है। मैस्कट के जरिये नागरिकों, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस मौके पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के पहले संस्करण में अंतरराष्ट्रीय एथलीटों सहित करीब 3500 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस आयोजन ने चंडीगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर की दौड़ प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल के रूप में पहचान दिलाई। अब दूसरे संस्करण को पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी है। इस बार 10 हजार से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। प्रशासक ने बताया कि मैराथन का रूट एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसेज़ (एआईएमएस) की ओर से मापा गया है। इससे धावकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पेशेवर अनुभव मिलेगा। आयोजन में एक करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई है। इसका उद्देश्य देश-विदेश के नामी एथलीटों, पेशेवर धावकों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों को चंडीगढ़ की ओर आकर्षित करना है।
कटारिया ने चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के निवासियों के साथ देश-विदेश के धावकों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को खेल और फिटनेस के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। अपने शहर और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दौड़ने का संदेश देते हुए उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मैराथन का हिस्सा बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव वीपी सिंह, खेल सचिव प्रेरणा पुरी, खेल निदेशक सौरभ अरोड़ा और जनसंपर्क निदेशक राजीव तिवारी भी उपस्थित रहे।
Click Here👉 चंडीगढ़ की खबरें पढ़नें के लिए लिंक पर क्लिक करें


