Delhi to Chandigarh Travel: दिल्ली से चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की तरफ आवाजाही करने वाले मुसाफिरों का सफर जल्द ही बेहद आसान और तेज होने वाला है। आए दिन जीरकपुर और डेराबस्सी के संकरे व व्यस्त रास्तों पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से जूझने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की नई राह खुल रही है।
बहुप्रतीक्षित अंबाला-मोहाली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का अंबाला से मोहाली आईटी सिटी चौक तक का हिस्सा आगामी 15 दिसंबर को ट्रैफिक के लिए खोले जाने की पूरी तैयारी है। इस नए रूट के शुरू होने से दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच की दूरी तय करने में करीब 40 से 50 मिनट की भारी बचत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जाम के झंझट से मुक्ति और बेहतर कनेक्टिविटी
फिलहाल स्थिति यह है कि अंबाला से चंडीगढ़ या मोहाली की तरफ जाने वाले वाहनों को रोजाना जीरकपुर और डेराबस्सी के पास भयंकर जाम का सामना करना पड़ता है।
खासकर वीकेंड या ऑफिस ऑवर्स के दौरान गाड़ियों का दबाव इतना बढ़ जाता है कि मिनटों का रास्ता तय करने में घंटों का वक्त बर्बाद होता है। यह नया एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यात्रियों के पास इन भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों से पूरी तरह बचने का शानदार विकल्प होगा, जिससे वाहन बिना किसी बाधा के अपनी मंजिल की ओर निकल सकेंगे।
पहले से चालू हिस्से से जुड़ेगा नया मार्ग, हिमाचल का सफर भी होगा सुगम
करीब 121 किलोमीटर लंबे इस कुल प्रोजेक्ट का एक हिस्सा यानी मोहाली आईटी सिटी से कुराली तक का लगभग 31 किलोमीटर लंबा रूट पहले से ही वाहनों के लिए खुला हुआ है। अब अंबाला से मोहाली वाला नया खंड शुरू होते ही ये दोनों मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे। इससे न केवल मोहाली, खरड़ और कुराली बल्कि रूपनगर की तरफ जाने वाले लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
इसके अलावा, दिल्ली से शिमला या मनाली की तरफ रुख करने वाले सैलानियों के लिए भी यह मार्ग बेहद उपयोगी साबित होगा, क्योंकि अंबाला से मोहाली होते हुए कुराली, रूपनगर और कीरतपुर साहिब तक का सफर बिना किसी रुकावट के तय किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें–Sirsa Roadways Strike: सिरसा में रोडवेज बसों का चक्का जाम, 100 से ज्यादा बसें ठप

