Narnaul News: नारनौल के निजामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बायल में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय रूडमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल सुरेश के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मृतक और घायल दोनों ही पड़ोसी राज्य राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान निवासी रूडमल अपने साथी सुरेश के साथ बाइक पर सवार होकर गांव बायल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे राजस्थान की ओर जा रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में रूडमल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। उन्होंने लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निजामपुर थाना प्रभारी पवन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को निष्पक्ष और उचित कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला और यातायात को सामान्य किया। पुलिस ने मृतक रूडमल के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नारनौल के शवगृह में रखवा दिया है।
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, घायल सुरेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी देखें – महेंद्रगढ़ में वायु प्रदूषण पर लगाम की तैयारी, स्कूलों और बच्चों की भागीदारी से चलेगा एंटी-क्रैकर जागरूकता अभियान

