Fatehabad News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 4 मरला कॉलोनी (मसीत वाली गली) के रहने वाले 26 वर्षीय गौरव ने फाइनेंसर के कर्ज चक्रव्यूह और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की इस दर्दनाक मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
3 प्रतिशत ब्याज पर लिया था 10 लाख का कर्ज
गौरव के पिता तरुण और परिजनों के अनुसार, वह खुद का काम शुरू करने का सपना देख रहा था। इसी सिलसिले में उसने हिसार के एक फाइनेंसर प्रदीप से 3 फीसदी प्रति माह की भारी ब्याज दर पर 10 लाख रुपये का कर्ज लिया था। हर महीने उसे 80 हजार रुपये की मोटी किस्त चुकानी पड़ती थी। पिछले महीने तक तो गौरव ने जैसे-तैसे किस्त भर दी, लेकिन इस महीने पैसों का इंतजाम नहीं हो पाया। किस्त न चुका पाने के बाद से ही उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं।
‘मां-पापा सॉरी, मैं मजबूरी में यह कदम उठा रहा हूं…’
जहर खाने से पहले गौरव ने मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने फोन में माता-पिता के नाम एक बेहद भावुक वॉट्सएप मैसेज लिखकर सेव किया था। मैसेज में उसने लिखा— “मां-पापा सॉरी, मैं बहुत-बहुत सॉरी हूं। मैं आपसे सच में बहुत प्यार करता हूं। मैं जो भी कर रहा हूं, यह मेरी मजबूरी है। मैं आप दोनों को और दुखी नहीं देख सकता। पहले ही मेरी वजह से आपकी और बुआ की बेइज्जती हुई है। हिसार के प्रदीप भाईसाहब से 10 लाख रुपये 3% ब्याज पर लिए थे, जिसकी हर महीने 80 हजार किस्त बनती थी। इस महीने किस्त नहीं दे पाया। वह अलग टाइप का बंदा है, मुझे डर है कि वह घर आकर सबको मारेगा…”
फूड पॉइजनिंग समझते रहे घरवाले, 5 घंटे बाद खुला राज
बुधवार सुबह करीब 4 बजे गौरव ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। शुरुआत में उसने किसी को कुछ नहीं बताया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन इसे साधारण फूड पॉइजनिंग समझकर घर पर ही दवा देते रहे। घटना के करीब 5 घंटे बाद गौरव ने अपनी बुआ को पूरे मामले की सच्चाई बताई। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लिया, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गौरव का मोबाइल फोन और वह मैसेज अपने कब्जे में ले लिया है। सिटी थाना प्रभारी संजय मोरवाल ने बताया कि युवक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आखिरी मैसेज को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि फाइनेंसर ने किस तरह का दबाव बनाया था। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें–Rohtak News: रोहतक में खाकी के सामने गुंडागर्दी, नेकीराम कॉलेज के बाहर लाठी-डंडे चले, तमाशा देखती रही पीसीआर

