Father Son Death: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 साल के बेटे की मौत हो गई। दोनों महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 की 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रंदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 4:20 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सोसाइटी में दो लोग ऊंचाई से गिर गए हैं। सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां पिता-पुत्र गंभीर हालत में मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई।
पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे दोनों
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि परिवार ने शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाने की योजना बनाई थी। मृतक रंदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को सुबह जल्दी निकलना था। इसी दौरान रंदीप और उनका बेटा आरव पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे। पुलिस के मुताबिक, पिता-पुत्र बालकनी में फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के सीढ़ी से फिसलकर नीचे गिरने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। परिवार मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन घर से निकलने से पहले ही यह हादसा हो गया। पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
DCP सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दो लोगों के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि टावर-23 में रहने वाले 40 वर्षीय रंदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे की 23वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। DCP के अनुसार, पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि परिवार को सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था। पिता और बेटा पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे, जहां सीढ़ी से फिसलकर गिरने की आशंका है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों शवों की पंचनामा प्रक्रिया पूरी कर ली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे से जुड़ी परिस्थितियों को और स्पष्ट किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शुरुआती जानकारी में इसे सीढ़ी से फिसलकर गिरने की आशंका से जुड़ा हादसा बताया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

