Kaithal Road Accident: करवाचौथ के पावन पर्व पर जहां हर घर में खुशियों और त्योहार का माहौल था, वहीं करनाल के गांव अलावला में एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल गईं। पंजाब के सुतराणा में नौकरी करने वाले 39 वर्षीय दलबीर सिंह करवाचौथ की शाम अपने बच्चों और पत्नी के पास लौटने की खुशी में बाइक से घर निकले थे। लेकिन कैथल के गांव संगतपुरा और बुढ़ाखेड़ा के बीच एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दलबीर ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। आरोपी चालक वारदात के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया। रातभर दलबीर का शव सुनसान सड़क किनारे पड़ा रहा, जिसकी भनक सुबह ग्रामीणों को लगी।
शाम को फोन पर कहा था- ‘घर आ रहा हूं’, फिर नहीं उठा कॉल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दलबीर सिंह पातड़ां के पास सुतराणा स्थित एक सेलर में काम करते थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपने घर फोन करके बताया था कि वह सेलर से निकल रहे हैं और करवाचौथ मनाने घर पहुंच रहे हैं। उनके घर निकलने की खबर से पत्नी और तीनों बच्चों के चेहरे खिल उठे थे।
लेकिन जब काफी देर होने के बाद भी दलबीर घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर कॉल करना शुरू किया। बार-बार घंटी बजती रही, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। रातभर परिवार किसी अनहोनी की आशंका से कांपता रहा और सुबह होते ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई।
सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला शव, तीन बच्चों के सिर से छिना पिता का साया
गुरुवार सुबह जब बुढ़ाखेड़ा और संगतपुरा के ग्रामीण रास्तों से गुजरे, तो उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल पड़ी देखी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना संगतपुरा पुलिस चौकी को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब जांच शुरू की, तो जेब से मिले कागजातों के आधार पर मृतक की पहचान दलबीर सिंह के रूप में हुई।
मृतक के भतीजे प्रदीप ने बताया कि चाचा दलबीर ही अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। करवाचौथ की रात जिस घर में हंसी-खुशी का माहौल होना था, वहां अब केवल चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी संगतपुरा पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए संगतपुरा पुलिस चौकी के इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह हिट एंड रन का मामला प्रतीत हो रहा है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या के समान हादसे को अंजाम देने का मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आसपास के ढाबों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि की आहट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल

