Gurugram Accident: गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ फेज-2 स्थित गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का भयानक तांडव देखने को मिला। रात करीब सवा 1 बजे सन्नाटे को चीरती हुई तेज धमाके की आवाज आई, जब एक अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते चार गाड़ियां आपस में बुरी तरह टकरा गईं। हादसा इतना खौफनाक था कि एक कार के जहां सभी एयरबैग खुल गए, वहीं दूसरी कैब जोरदार टक्कर लगने के बाद सड़क पर पलटे खाती हुई काफी दूर तक घिसटती चली गई।
फंस गया कैब चालक, राहगीरों ने फरिश्ता बनकर बचाई जान
हादसे के वक्त सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों की जैसे ही इस भयानक दृश्य पर नजर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपने वाहन रोके और राहत बचाव में जुट गए। पलटी हुई कैब के अंदर ड्राइवर लहूलुहान हालत में फंसा हुआ था और मदद के लिए पुकार रहा था।
राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए कड़ी मशक्कत के बाद कैब में फंसे चालक को बाहर निकाला और तुरंत मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ियों की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि अगर एयरबैग समय पर न खुलते तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
क्रेन से हटवाए गए वाहन, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही डीएलएफ-2 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल कैब चालक को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम न लगे, इसलिए पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सामान्य किया।
जांच के बाद तय होगी कार्रवाई
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोल्फ कोर्स रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि सबसे पहले किस गाड़ी की लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में रफ्तार ही हादसे की मुख्य वजह लग रही है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें–Bhiwani News: भीम स्टेडियम से भिवानी को बड़ी सौगात, सीएम सैनी ने किया 8 नई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

