Gurugram News: हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास देर रात सड़क पर बीच-बचाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टेशन के नीचे मौजूद कुछ लड़कियों और युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लड़कियों ने तैश में आकर सड़क किनारे पड़े पत्थरों को उठा-उठाकर युवकों पर फेंकना शुरू कर दिया। इस बीच सड़क पर खुलेआम चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे से राहगीरों में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात को वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद मंगलवार सुबह से ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑटो में बैठकर फरार हुईं लड़कियां, राहगीरों में बना खौफ
वायरल हो रही फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी कई लड़कियों की कुछ युवकों के साथ पहले तीखी नोकझोंक होती है। देखते ही देखते लड़कियां आक्रामक हो जाती हैं और युवकों को निशाना बनाकर पत्थर बरसाने लगती हैं। गनीमत यह रही कि इस आपाधापी और पत्थरबाजी में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। काफी देर तक चले इस तमाशे के बाद लड़कियां पास ही खड़े एक ऑटो में सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गईं।
असामाजिक तत्वों का अड्डा बना सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और रोज सफर करने वाले यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास का पूरा इलाका ढलती शाम के साथ ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों का प्रमुख अड्डा बन जाता है। देर रात तक यहां अराजकता का माहौल बना रहता है और अक्सर इस तरह की कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं देखने को मिलती हैं। इससे क्षेत्र से गुजरने वाले आम राहगीरों और खासकर कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो रहा है।
पुलिस बोली- नहीं मिली कोई शिकायत, वीडियो पुराना होने की आशंका
वहीं, इस मामले पर पुलिस का रुख काफी टालमटोल भरा नजर आ रहा है। डीएलएफ फेज-1 थाने के कार्यवाहक एसएचओ संजय कुमार का कहना है कि सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर इस तरह के झगड़े की फिलहाल कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशन के आसपास का क्षेत्र तीन अलग-अलग थानों की सीमा में आता है। दूसरी ओर, डीएलएफ फेज-2 थाने के एसएचओ कृष्णकांत ने बताया कि वायरल हो रहा वीडियो संभवतः पुराना हो सकता है, क्योंकि वर्तमान में मेट्रो स्टेशन के नीचे ऐसे हालात नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें– करनाल के गांव में घोड़ी चराने गए युवक पर लोहे की रॉड से हमला, तोड़े दोनों हाथ-पैर

