Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले से एक बार फिर सड़क पर लापरवाही से होने वाली मौतों का दर्दनाक मामला सामने आया है। कैथल के प्योदा रोड पर बीती रात एक भयानक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव चंदाना निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। इस हादसे ने एक हंसते-खेते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार किसी काम से कैथल शहर आए हुए थे और रात के वक्त अपने एक दोस्त की दूध की डेयरी पर गए थे। डेयरी से काम निपटाने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव चंदाना लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक प्योदा रोड पर पहुंची, तो उनके आगे चल रहे एक ट्रक के ड्राइवर ने अचानक बिना किसी स्पष्ट संकेत के जोरदार ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण कृष्ण कुमार अपनी बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाए और उनकी मोटरसाइकिल सीधे सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके से फरार हुआ ट्रक चालक, परिवार में छाया मातम
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर खून से लथपथ पड़े शख्स को देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस के साथ-साथ उनके परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हालत में तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आरोपी ट्रक चालक हादसे को अंजाम देने के बाद अपने वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
परिजनों ने बताया कि कृष्ण कुमार के परिवार में उनके दो बेटे हैं और पूरा परिवार खेती-बाड़ी के सहारे ही अपना जीवनयापन करता है। घर के मुखिया की इस तरह अचानक हुई असमय मौत से घर के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बोली- मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश जारी
मामले की जांच कर रही सिविल लाइन थाना की एसएचओ गीता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया और उसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और उनके बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक चालक का सुराग लगाया जा सके और उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें– पंचायती जमीन पर जमा रखा था कब्जा, कैथल में सरपंच मनजीत कौर पद से बर्खास्त, 6 साल चुनाव पर बैन

