Gurugram Accident: दिल्ली-एनसीआर से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के पुराने इलाके में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोहना चौक पर सुबह करीब पांच बजे एक बेकाबू और तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बलेनो कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड़ गए और थार सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में बलेनो सवार पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
खाटूश्याम दर्शन करने जा रहा था परिवार
शिवाजी नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बलेनो कार में सवार होकर एक परिवार राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए निकला था।
कार जैसे ही शिवाजी नगर इलाके से बाहर निकलकर रेलवे रोड (अलवर रोड) पर पहुंची, तभी अचानक सामने से आ रही थार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बलेनो के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार एक पुरुष और तीन महिलाओं की जान तो बच गई लेकिन वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
नशे में धुत युवक ने राहगीरों पर झाड़ी धौंस
चश्मदीदों ने बताया कि थार गाड़ी में तीन युवक सवार थे और तीनों ही पूरी तरह शराब के नशे में आकंठ डूबे हुए थे। दुर्घटना के तुरंत बाद थार पलट गई, जिसके बाद उसमें सवार दो युवक मौका देखकर भाग निकले, जबकि तीसरा युवक अंदर ही फंसा रह गया। स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन वह बाहर आते ही लोगों को गालियां देने लगा और अपने पिता के ऊंचे पद की धौंस जमाने लगा।
पुलिस ने बनाया वीडियो, आरोपी हिरासत में
नशे में लड़खड़ा रहा युवक अकेले ही पलटी हुई थार को सीधा करने की नाकाम कोशिश करने लगा, जिसके बाद राहगीरों ने खुद जोर लगाकर गाड़ी को सीधा किया और किनारे लगवाया। सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदतमीजी कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी युवक का वीडियो भी बनाया है और थार गाड़ी को कब्जे में लेकर फरार चल रहे उसके दोनों साथियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– PM Modi Haryana visit: हरियाणा को ₹14,700 करोड़ का तोहफा, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे देश को सौंपेंगे प्रधानमंत्री

