Gurugram Car Stunt: साइबर सिटी गुरुग्राम में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को ठेंगा दिखाने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शुक्रवार देर रात ओल्ड गुरुग्राम के सेक्टर-5 इलाके का है, जहां एक क्रेटा कार में सवार कुछ मनचले युवकों ने सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाईं। गाड़ी के अंदर तेज आवाज में डीजे जैसे गाने बजाते हुए इन युवकों ने राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया।
हद तो तब हो गई जब ये युवक चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर सीधे छत पर बैठ गए और सड़क से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों को जानबूझकर डराने-धमकाने लगे। उनकी इस लापरवाही भरी ड्राइविंग से सड़क पर चल रहे अन्य लोग भी सहम गए।
परिवार की कार को रोककर महिला और बच्चों के साथ की अभद्रता
स्थानीय निवासी और शिकायतकर्ता बिट्टू कटारिया ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि यह पूरी घटना शुक्रवार रात करीब 8:02 बजे की है। जब क्रेटा सवार युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे, ठीक उसी दौरान उनके छोटे भाई कुलताज के कुछ रिश्तेदार अपनी कार से वहां पहुंचे। उस गाड़ी में एक महिला और दो छोटे-छोटे बच्चे भी सवार थे।
आरोप है कि क्रेटा में सवार इन दबंग युवकों ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोककर उस परिवार को घेर लिया और महिला व बच्चों के साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया। अचानक हुई इस अप्रत्याशित हरकत से कार में बैठे मासूम बच्चे बुरी तरह डर गए।
गुस्से में लाठी लेकर बाहर निकले परिजन, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
अपने रिश्तेदारों और विशेषकर महिला व बच्चों के साथ सरेराह बदतमीजी होते देख घर के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बिना वक्त गंवाए परिजन हाथों में लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आए और आरोपियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी युवक अपनी क्रेटा कार तेजी से भगा ले गए और मौके से फरार हो गए।
गनीमत यह रही कि समय रहते परिजनों ने हस्तक्षेप कर लिया, वरना मामला और बढ़ सकता था। हालांकि, यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ-साफ कैद हो गई है, जिसमें कार के नंबर प्लेट से लेकर युवकों के चेहरे तक दर्ज हैं।
कार मालिक की तलाश में जुटी पुलिस, सख्त कार्रवाई का भरोसा
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष की ओर से सेक्टर-5 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई और सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए। थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज में दिख रहे कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का साफ तौर पर कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का हुड़दंग मचाने, सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

