Narnaul News: त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नारनौल, नांगल चौधरी एवं अटेली क्षेत्र में विभिन्न मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के कुल आठ नमूने एकत्रित किए।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान माननीय स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी के दिशा-निर्देशन में चलाया जा रहा है, ताकि त्योहारी सीजन के दौरान आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
उन्होंने सभी मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे मिलावटखोरी से दूर रहें तथा मिठाइयों के निर्माण में अनावश्यक एवं प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग न करें। साथ ही, मिठाई के काउंटर पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है कि मिठाई किस माध्यम से तैयार की गई है, अर्थात घी, तेल अथवा वनस्पति आदि का प्रयोग किया गया है।
डॉ. अमित कुमार ने कहा कि खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी नियमों का पालन करना चाहिए तथा स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी सीजन के दौरान इस प्रकार की जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

