Gurugram News: गुरुग्राम की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार का खौफ एक बार फिर देखने को मिला है। बिलासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तावडू रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (Tahu Road Gurugram Accident) ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक युवकों के पैतृक गांव जौरासी में मातम पसरा हुआ है।
हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान मोहित और पंकज के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम मुकुल है। तीनों दोस्त नूंह जिले के तावडू अंतर्गत आने वाले जौरासी गांव के रहने वाले थे और परिवार का सहारा बनने के लिए गुरुग्राम में मेहनत-मजदूर करते थे।
वेयरहाउस के बाहर खड़े थे तीनों दोस्त
पुलिस को दी गई शिकायत में जौरासी गांव निवासी संजय ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे तावडू रोड पर स्थित ‘ई-कॉम’ लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस के पास यह हादसा हुआ। (E-Com Warehouse Bilaspur Gurgaon) मोहित, पंकज और मुकुल इसी वेयरहाउस में नौकरी करते थे। शनिवार की रात अपनी शिफ्ट का काम खत्म करने के बाद तीनों वेयरहाउस से बाहर निकले थे और घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान तावडू की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने भारी लापरवाही और बेहद तेज गति से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे और सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पने लगे।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और तीनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहित और पंकज को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों को सिर और शरीर पर बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, तीसरे युवक मुकुल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। (Mohit Pankaj Death Gurgaon) पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी ड्राइवर और उसकी गाड़ी का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सीसीटीवी के जरिए गाड़ी की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

