Haryana CM: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा ‘नकली पगड़ी’ को लेकर दिए गए बयान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीखा पलटवार किया है। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास ‘संत कबीर कुटीर’ पर नए नेताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराने के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए सैनी ने मान की इस टिप्पणी को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि पगड़ी कोई राजनीतिक हथकंडा या दिखावे की चीज नहीं, बल्कि गुरु साहिबानों द्वारा दी गई महान परंपरा, आस्था और सम्मान का सर्वोच्च प्रतीक है।
गुरु साहिबानों के चरणों में जाकर मांगें माफी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के अपने समकक्षी को नसीहत देते हुए कहा कि हमारी सरकार गुरु साहिबानों द्वारा दिखाए गए रास्ते और उनकी पावन शिक्षाओं पर चलते हुए जनसेवा कर रही है। अगर भगवंत मान इस पवित्र पगड़ी को ‘नकली’ बता रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर गुरु परंपरा का अपमान है। सैनी ने कहा कि मान को तुरंत उस पावन स्थल पर जाना चाहिए जहां गुरु साहिबानों ने यह पगड़ी धारण की थी और वहां जाकर अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।
पंजाब की जनता और गुरु परंपरा का किया अपमान
अपने वक्तव्य में मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारे गुरु साहिबानों की महान शहादत और कुर्बानियों की बदौलत ही आज हम सब सुरक्षित और आजाद फिजा में सांस ले रहे हैं। भगवंत मान ने अपने इस हल्के बयान से न सिर्फ गुरु साहिबानों की विरासत को ठेस पहुंचाई है, बल्कि पंजाब की पूरी आवाम का भी अपमान किया है। उन्हें बिना किसी देरी के पंजाब के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस मौके पर पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों समेत कई अन्य गणमान्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा

