Haryana Electricity Strike: हरियाणा में 11 से 13 अगस्त की बिजली हड़ताल रद्द, ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आश्वासन के बाद कर्मचारियों का बड़ा फैसला

हरियाणा में 11 से 13 अगस्त की बिजली हड़ताल रद्द, ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आश्वासन के बाद कर्मचारियों का बड़ा फैसला
Haryana Electricity Strike: हरियाणा में बिजली संकट का मंडरा रहा खतरा फिलहाल टल गया है। राज्य के ऊर्जा एवं कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ हुई मैराथन बैठक के बाद बिजली कर्मचारी संगठनों ने अपनी प्रस्तावित 3 दिवसीय हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी है। आज रात (11 अगस्त) से 13 अगस्त तक होने वाली इस हड़ताल के टलने से आम जनता और उद्योग जगत ने राहत की सांस ली है।
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी नेताओं के साथ बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में बात हुई है और उन्होंने सरकार पर भरोसा जताते हुए हड़ताल न करने का आश्वासन दिया है।
स्मार्ट मीटरिंग और निजीकरण के विरोध में बुलाई गई थी 3 दिवसीय हड़ताल
गौरतलब है कि हरियाणा बिजली कर्मचारी संघ और विभिन्न अभियंता यूनियनों ने पैरेलल लाइसेंसिंग प्रणाली, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटरिंग जैसी नीतियों के विरोध में 11 से 13 अगस्त तक कार्य बहिष्कार का आह्वान किया था।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में ठेका कर्मचारियों को पक्का करना, समान काम के लिए समान वेतन लागू करना, बिजली कर्मियों के लिए जोखिम भत्ता (रिक्स अलाउंस) बहाल करना और एक्स-ग्रेशिया रोजगार योजना में लगाई गई कड़ी शर्तों को हटाना शामिल है।
अनिल विज की पहल रंग लाई, सरकार ने बातचीत से निकाला बीच का रास्ता
बिजली जैसे अति-आवश्यक क्षेत्र में हड़ताल से राज्यभर में बिजली आपूर्ति ठप होने की पूरी आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तुरंत संज्ञान लिया और कर्मचारी संगठनों व इंजीनियरों के प्रतिनिधियों को टेबल टॉक (बातचीत) के लिए आमंत्रित किया।
बैठक के दौरान अनिल विज ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी जायज मांगों पर हमदर्दी से विचार कर रही है। मंत्री के इस सकारात्मक रुख के बाद कर्मचारी नेताओं ने सर्वसम्मति से हड़ताल वापस लेने पर सहमति जताई।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
