Karnal Crime: हरियाणा के करनाल जिले में पूर्व पति द्वारा की गई खौफनाक वारदात से उबरकर घायल महिला अब अस्पताल से अपने घर वापस आ गई है। मेरठ रोड की रहने वाली अंजलि पर पिछले दिनों उसके एक्स हसबैंड साहिल शर्मा ने सुए से ताबड़तोड़ हमला कर गले को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में कुछ दिन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद जब अंजलि घर लौटी, तो उसने और उसकी मां ने इस पूरे रिश्ते के काले सच से पर्दा उठाया। इस सनसनीखेज मामले ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छह साल के रिश्ते में सिर्फ मिला दर्द और उत्पीड़न
पीड़िता की मां ने मीडिया से बात करते हुए दर्द बयां किया कि साल 2020 में बेटी की शादी हुई थी। शुरुआत में तो सब ठीक लगा, लेकिन कुछ ही महीनों बाद दामाद के तेवर बदलने लगे। मां का आरोप है कि शादी के बाद शायद ही कोई ऐसा दिन बीता हो जब अंजलि की पिटाई न की गई हो। शराबी प्रवृत्ति और रोज-रोज के मानसिक तनाव से तंग आकर आखिरकार बेटी ने कानून का सहारा लिया और शादी के छह साल बाद यानी इसी साल मई के महीने में तलाक ले लिया। उनका कहना है कि बेटी ने ससुराल में सहे गए जुल्मों का जिक्र उस वक्त डर के मारे खुलकर नहीं किया था।
तलाक के बाद भी पीछा नहीं छोड़ा, बुधवार को किया जानलेवा हमला
तलाक के बाद अंजलि अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू कर रही थी और अपने काम पर पूरा ध्यान दे रही थी। लेकिन आरोपी साहिल की मानसिकता में कोई बदलाव नहीं आया। वह लगातार उसका पीछा करता रहा और झूठे आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित करता रहा।
बुधवार की रात जब हदें पार हो गईं, तो आरोपी ने रास्ते में रोककर अंजलि की गर्दन पर सुए से जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई। इस नृशंस वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी साहिल शर्मा को धर दबोचा और कानून का शिकंजा कस दिया।
यह भी पढ़ें–Bhiwani Crime: भिवानी में रेस्टोरेंट संचालक की कार घेरकर हमला, 20 बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा


