Jind Crime: हरियाणा के जींद जिले में कानून को अपने हाथ में लेने का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नरवाना इलाके के कालवन गांव में खेतों में हो रही चोरी की वारदातों से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने तीन युवकों को घेरकर बेरहमी से पीट डाला।
लाठी-डंडों और लात-घूंसों से की गई इस पिटाई में बिहार के रहने वाले एक युवक की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद ग्रामीण मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
खेतों में निगरानी के दौरान हत्थे चढ़े थे तीनों युवक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नरवाना क्षेत्र के खेतों में पिछले कुछ दिनों से चोरियों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा था, जिससे किसानों और ग्रामीणों में भारी रोष था।
इसी डर और सतर्कता के चलते ग्रामीण रात-दिन खेतों की निगरानी कर रहे थे। गत 5 नवंबर को जब कालवन गांव के खेतों में तीन संदिग्ध युवक घूमते हुए दिखाई दिए, तो ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर दबोच लिया। इसके बाद तीनों को खींचते हुए रेलवे यार्ड के पास लाया गया, जहां पूछताछ के नाम पर भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया।
सिर पर गहरी चोट लगने से गई जान, दोनों घायल अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और अंधाधुंध लात-घूंसें बरसाने शुरू कर दिए। इस हिंसक झड़प में बिहार के भीत भगवापुर निवासी आशीष मिश्रा के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके दो साथी—बेगमपुर नालंदा निवासी अमन और सेंनथली टोला निवासी कैलाश उर्फ बबलू भी बुरी तरह जख्मी होकर वहीं गिर पड़े।
जब युवकों की हालत बिगड़ने लगी तो ग्रामीण उन्हें मौके पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए। किसी तरह पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद गढ़ी थाना टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को नरवाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
30-35 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज, परिजनों का इंतजार
गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घायल कैलाश उर्फ बबलू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कालवन गांव के 30 से 35 लोगों के खिलाफ हत्या और बलवे का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मृतक के परिजनों के जींद पहुंचने का इंतजार कर रही है, जिनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट में मौत के असल कारणों का खुलासा होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारियों का दौर शुरू होगा।
यह भी पढ़ें–Bhiwani Crime: भिवानी में रेस्टोरेंट संचालक की कार घेरकर हमला, 20 बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा


