Bhiwani Girl Missing: हरियाणा के भिवानी जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही 21 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई है। चरखी दादरी जिले के एक गांव की रहने वाली यह युवती भिवानी की एक स्थानीय कॉलोनी में अपने मामा के पास रहती थी।
सुबह के वक्त वह कॉलेज जाने के लिए घर से हंसी-खुशी निकली थी, लेकिन शाम ढलने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस का दरवाजा खटखटाया गया।
कॉलेज और रिश्तेदारियों में खंगाला, पर नहीं मिला कोई सुराख
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, युवती रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे कॉलेज जाने के लिए तैयार होकर निकली थी। जब शाम को काफी देर तक वह घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसके साथियों और कॉलेज प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद तमाम दूर-दराज की रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर भी फोन घनघनाने लगे, लेकिन हर जगह से निराशा ही हाथ लगी। हर तरफ से मायूस होने के बाद आखिरकार परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के संभावित रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसके दोस्तों तथा सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए लापता युवती का सुराग लगा लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Bhiwani Crime: भिवानी में रेस्टोरेंट संचालक की कार घेरकर हमला, 20 बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा


