Narnaul News: जीवन में अनहोनी कभी बताकर नहीं आती, लेकिन प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं ऐसे कठिन समय में परिवार का सबसे बड़ा सहारा बनती हैं।
इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए भारतीय स्टेट बैंक की नारनौल शाखा ने अपने एक दिवंगत खाताधारक स्वर्गीय बाबू लाल के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि का चेक सौंपा है।
शाखा में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक देवेंद्र सिंह और अन्य बैंक अधिकारियों ने यह सहायता राशि दिवंगत की पत्नी मंजू को सौंपी।
दिवंगत ग्राहक बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन में कार्यरत थे और भारतीय स्टेट बैंक में उनका वेतन खाता था। भारतीय स्टेट बैंक के वेतन खाताधारकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है।
खाताधारक स्वर्गीय बाबू लाल के आकस्मिक निधन के बाद बैंक प्रबंधन ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत क्लेम से जुड़े सारे कागजी काम प्राथमिकता से पूरे करवाए, ताकि पीड़ित परिवार को भटकना न पड़े।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी योजनाओं से जरूर जुड़ना चाहिए।
बहुत कम प्रीमियम में मिलने वाला यह सुरक्षा कवच किसी भी संकट के समय परिवार को आर्थिक रूप से टूटने से बचाता है।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ संकट की घड़ी में ग्राहकों के परिजनों के साथ खड़ा रहना और समय पर मदद पहुंचाना ही बैंक का मुख्य उद्देश्य है। आर्थिक सहायता पाकर पीड़ित परिवार ने बैंक प्रबंधन की इस त्वरित और मानवीय पहल के प्रति आभार जताया।
यह भी देखें – नारनौल में रोडवेज बस से अवैध हथियार बरामद, परिचालक को हिरासत में लिया गया


