Rohtak Cracker Raid: रोहतक जिले के महम कस्बे में दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को प्रशासन की टीम ने महम के मुख्य बाजार में औचक छापेमारी कर नियमों को ताक पर रखकर पटाखे बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ शिकंजा कसा। इस दौरान मौके से अवैध रूप से बेचे जा रहे पटाखे जब्त कर लिए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार में दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया।
भिवानी रोड मैदान तय, फिर भी बाजार में बिक रहे थे पटाखे
गौरतलब है कि प्रशासन ने त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसके तहत पटाखों की बिक्री के लिए महम में भिवानी रोड स्थित राजकीय विद्यालय के मैदान को आधिकारिक तौर पर तय किया गया था। सभी दुकानदारों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजार के बजाय केवल निर्धारित खुले मैदान में ही अपनी दुकानें लगाएं। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा नियमों की अनदेखी करने पर प्रशासन को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई: SHO
छापेमारी के बाद थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकानदार ने तय नियमों का उल्लंघन किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर एसडीएम विपिन कुमार और थाना प्रभारी रोशन ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और दुकानदारों से संवाद कर इलाके में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की विशेष अपील की। प्रशासन ने आमजन से यह भी आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि की गई किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।


