August 2, 2026

Haryana News: फरीदाबाद में युवतियों से भरी बस पर पत्थरों से हमला, जबरन अंदर घुसकर बदमाशों ने काटा बवाल, वीडियो वायरल

0
Haryana News: फरीदाबाद में युवतियों से भरी बस पर पत्थरों से हमला, जबरन अंदर घुसकर बदमाशों ने काटा बवाल, वीडियो वायरल

डंडे लेकर कंपनी बस में चढ़ा युवक, चीखती रहीं लड़कियां

Haryana News: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में कामकाजी महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के दावों की हवा निकालते हुए सरेराह गुंडागर्दी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-58 थाना इलाके के गुर्जर चौक के पास शुक्रवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस करीब 8 से 10 युवकों ने एक निजी कंपनी की बस को चारों तरफ से घेर लिया।

हमलावरों ने न सिर्फ पूरी ताकत से बस पर पथराव किया, बल्कि जबरन दरवाजा खुलवाकर भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद जो तांडव हुआ, उसने बस में सवार दर्जनों युवतियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बदमाशों ने ड्राइवर को बेरहमी से पीटा और डंडों से बस के शीशे चटका दिए। इस अचानक हुए हमले में कांच के टुकड़े लगने और अफरा-तफरी के कारण 2 से 3 युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सोशल मीडिया पर तैर रहा दहशत का वीडियो, चीखती-चिल्लाती दिखीं सहमी युवतियां

इस पूरी खौफनाक वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में डंडा लहराता हुआ बस के भीतर दाखिल होता है और गंदी-गंदी गालियां बक रहा है।

सीट पर बैठीं युवतियां खौफ के मारे अपनी जगह पर दुबक जाती हैं और हाथ जोड़कर रोते हुए उसे बाहर जाने की मिन्नतें करती दिखाई दे रही हैं। बस के बाहर भी उसके कई साथी डंडे और पत्थर लेकर पोजिशन लिए खड़े नजर आ रहे हैं। ड्राइवर को जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी नीचे उतरता है, जिसके बाद बस को वहां से भगाया जाता है।

ड्राइवर का खुलासा: ‘साहब! ये रोज का काम है, महीने भर पहले भी की थी मारपीट’

बस के चालक मोहम्मद ताज ने इस घटना के पीछे की जो कहानी बया की, वह और भी चौंकाने वाली है। ड्राइवर के मुताबिक, ये कोई अचानक हुआ विवाद नहीं था, बल्कि ये लड़के आए दिन कंपनी की इन युवतियों पर फब्तियां कसते थे और उन्हें परेशान करते थे। करीब एक महीने पहले भी इन आरोपियों ने बस को रोककर मारपीट की थी।

उस समय मामला पुलिस के चौखट तक भी पहुंचा था, लेकिन बाद में स्थानीय स्तर पर गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप और समझौते के बाद मामला शांत हो गया था। पुलिस की इसी ढिलाई का नतीजा रहा कि शुक्रवार शाम ठीक 6 बजे गणेश और विक्की ने अपने 6-7 अन्य गुर्गों के साथ मिलकर दोबारा पूरी प्लानिंग से बस पर धावा बोल दिया।

पुलिस को अब भी ‘लिखित शिकायत’ का इंतजार, जांच जारी

सरेराह हुई इस बड़ी वारदात और वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हालांकि, पुलिस का रवैया अब भी पारंपरिक बना हुआ है। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने इस संबंध में बताया कि मामला पूरी तरह से पुलिस के संज्ञान में है और इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

लेकिन, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभी तक पीड़ित पक्ष या कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं सौंपी गई है। थाना प्रभारी का दावा है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलती है, नियमानुसार सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed