Viral Story Neha: एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़ बनीं हिमाचल की पहली महिला ट्रक ड्राइवर, जानिए 25 साल की नेहा ठाकुर की कहानी
एयर होस्टेस की ट्रेनिंग छोड़ बनीं हिमाचल की पहली महिला ट्रक ड्राइवर, जानिए 25 साल की नेहा ठाकुर की कहानी
Viral Story Neha: आसमान की ऊंचाइयों में उड़ने का सपना देखने वाली लड़कियां अक्सर एविएशन सेक्टर की चमक-धमक की तरफ रुख करती हैं। लेकिन जब इरादे मजबूत हों और मिट्टी की खुशबू से गहरा लगाव हो, तो राहें खुद-ब-खुद बदल जाती हैं। हिमाचल प्रदेश (Himachal Female Truck Driver) के मंडी जिले की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा ठाकुर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है।
जिस उम्र में लड़कियां कॉर्पोरेट दफ्तरों या उड़ानों में अपना करियर तलाशती हैं, उस उम्र में नेहा (Mandi Neha Thakur Vlog) ने 16-टन वजनी विशालकाय ट्रक का स्टीयरिंग संभालकर हिमाचल की पहली महिला पेशेवर ट्रक ड्राइवर बनने का कीर्तिमान रच दिया है।
बचपन में पिता की सीट से देखा सपना, कोविड काल में बदला जिंदगी का सफर
नेहा के पिता बीते दो दशकों से ज्यादा समय से ट्रक चला रहे हैं। स्कूल के दिनों में जब पिता अक्सर उन्हें अपने ट्रक से ही स्कूल छोड़ने जाया करते थे, तभी से नेहा के मन में भारी गाड़ियों और हिमाचल के घुमावदार रास्तों के प्रति एक अनूठा आकर्षण पैदा हो गया था।
ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद नेहा ने चंडीगढ़ से एयर होस्टेस की बाकायदा ट्रेनिंग ली और एविएशन इंडस्ट्री में काम भी किया। हालांकि, कोरोना महामारी के दौरान जब स्थितियां बदलीं, तो नेहा ने अपने बचपन के उसी जुनून को अपना भविष्य बनाने का फैसला किया। साल 2022 में उन्होंने हैवी मोटर व्हीकल (HMV) का लाइसेंस हासिल किया और एक नया इतिहास लिख दिया।
संकरे रास्तों पर 16 टन का ट्रक और लाखों की फैन फॉलोइंग
आज नेहा सिर्फ एक कुशल ट्रक ड्राइवर (Woman Trucker India) ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया की बेहद लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर और व्लॉगर भी हैं। सुबह के वक्त जब उनके ट्रक का इंजन स्टार्ट होता है, तो साथ ही उनका कैमरा भी ऑन हो जाता है।
घने कोहरे, मूसलाधार बारिश और बेहद संकरे पहाड़ी मोड़ों पर 16-टन माल से लदे ट्रक को बड़ी सहजता से दौड़ाते हुए उनके वीडियो इंटरनेट पर जमकर धूम मचा रहे हैं। उनके एक पहाड़ी रास्ते वाले वीडियो को 6 करोड़ से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। आज उन्हें देशभर में न सिर्फ एक अलग पहचान मिल रही है, बल्कि बड़े-बड़े ब्रांड्स भी उनके साथ कोलेबोरेट कर रहे हैं।
‘ट्रक क्यों नहीं?’—सोच को चुनौती देकर लिख रही हैं नई इबारत
जब लोग उनसे हैरानी जताते हुए पूछते हैं कि एयर होस्टेस जैसी आरामदायक नौकरी छोड़कर उन्होंने ट्रक की कठिन ड्राइविंग क्यों चुनी, तो नेहा बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब देती हैं—’आखिर ट्रक क्यों नहीं?’ उनका स्पष्ट मानना है कि काम कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता और न ही कोई पेशा किसी खास लिंग (जेंडर) के लिए आरक्षित है।
समाज में ड्राइवरों को देखने का नजरिया बदलने की जरूरत है। आज नेहा ठाकुर का यह आत्मविश्वासी अंदाज देश की अनगिनत बेटियों को अपनी पसंद का रास्ता चुनने और हर डर को पीछे छोड़ने का हौसला दे रहा है।
यह भी पढ़ें– Parrot Mobile Using Viral: बच्चों की तरह मोबाइल का दीवाना हुआ तोता, खुद स्क्रीन टच कर देखता है यूट्यूब
