August 2, 2026

Jind News: करनाल से खाटू श्याम जा रही कार ट्रक से टकराई, हादसे में 3 की मौके पर मौत, मची चीख-पुकार

0
Jind News: करनाल से खाटू श्याम जा रही कार ट्रक से टकराई, हादसे में 3 की मौके पर मौत, मची चीख-पुकार

खाटू श्याम जा रहे परिवार के साथ बड़ा हादसा, दो महिलाएं गंभीर

Jind News: हरियाणा के जींद जिले में जुलाना के पास नेशनल हाईवे 152-D पर शनिवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। करनाल से राजस्थान के खाटू श्याम दर्शन के लिए निकले पांच श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि कार सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी और ट्रक भी संतुलन खोकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में फंसी दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

करनाल के सेक्टर 8 का रहने वाला था परिवार, दर्शन के लिए निकला था जत्था

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी पांचों लोग करनाल के सेक्टर 8 के रहने वाले थे। परिवार के तीन महिलाएं और दो पुरुष शनिवार तड़के अपनी गाड़ी से खाटू श्याम मंदिर में माथा टेकने के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी कार जुलाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152-D पर पहुंची, तभी अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार तेज थी और वह आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से बुरी तरह टकराकर उसके नीचे दब गई। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जींद के नागरिक अस्पताल भेजे गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस की टीम तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबी कार से शवों और घायलों को बाहर निकाला।

दोनों घायल महिलाओं को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है।

इस पूरे मामले को लेकर जांच अधिकारी एएसआई (ASI) वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस को सुबह नेशनल हाईवे 152-D पर एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। मृतकों के परिजनों को करनाल में सूचना दे दी गई है और पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed