August 3, 2026

Kaithal News: धान सीजन से पहले ढांड मंडी में मांग, जगह की कमी दूर करे प्रशासन, आढ़तियों ने सचिव को सौंपा ज्ञापन

0
Kaithal News: धान सीजन से पहले ढांड मंडी में मांग, जगह की कमी दूर करे प्रशासन, आढ़तियों ने सचिव को सौंपा ज्ञापन

ढांड में अनाज मंडी एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपकर रखी अपनी बात

Kaithal News: ढांड (नरेश ढांडा) हरियाणा में आगामी धान खरीद सीजन की सुगबुगाहट के साथ ही अनाज मंडियों में तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मांगें उठने लगी हैं। सोमवार को कैथल जिले की ढांड अनाज मंडी एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचा और सचिव को ज्ञापन सौंपकर मंडी में फसलों की बिक्री व रख-रखाव के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। एसोसिएशन का स्पष्ट कहना है कि हर साल सीजन के दौरान जगह की कमी के कारण मंडी में अव्यवस्था का माहौल बन जाता है, जिसका सीधा असर किसानों और आढ़तियों पर पड़ता है।

“जगह कम होने से लगता है जाम, प्रभावित होती है तुलाई और उठान”

अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान दीपक शर्मा चंदलाना ने कहा कि धान सीजन के दौरान ढांड मंडी में भारी मात्रा में फसल की आवक होती है। हालांकि, मंडी का मौजूदा परिसर इस आवक के सामने छोटा पड़ जाता है। जगह की तंगी के चलते ढेरी लगाने, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और गाड़ियों में माल लोड करने में भारी दिक्कतें आती हैं।

दीपक शर्मा ने बताया कि जब मंडी में गाड़ियां फंस जाती हैं, तो फसल की उतराई से लेकर तुलाई और उठान तक की पूरी प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है। इससे न केवल किसानों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, बल्कि आढ़तियों और दिहाड़ी मजदूरों को भी बेवजह की मानसिक और शारीरिक परेशानी उठानी पड़ती है।

मंडी के पास खाली जगह को खरीद केंद्र में शामिल करने का सुझाव

एसोसिएशन ने मार्केट कमेटी प्रशासन से आग्रह किया है कि सीजन शुरू होने से पहले ही मंडी के पास लगती उपयुक्त जगह को चिन्हित कर वहां खरीद कार्य की व्यवस्था की जाए। यदि समय रहते अतिरिक्त जगह मिल जाती है, तो उतराई, तुलाई और स्टोरेज की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के चलेगी।

आढ़ती नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनहित की मांग पर संवेदनशीलता से विचार करेगा और सीजन शुरू होने से पहले सभी बुनियादी कमियों को दूर कर लेगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख आढ़ती रहे मौजूद

मांग पत्र सौंपते समय एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि उनका मकसद केवल इतना है कि आने वाला धान खरीद सीजन शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से निपटे। किसानों को अपनी उपज का वाजिब दाम समय पर मिले और मंडी में किसी प्रकार की अराजकता न फैले।

इस मौके पर पूर्व मंडी प्रधान नरेश सहारण घराड़सी, मास्टर ईश्वर शर्मा, उपप्रधान ईश्वर चुहड़माजरा, बलराज शर्मा, बाबू राम आहूं और सुरेंद्र शर्मा समेत कई प्रमुख व्यापारी व एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें– सीएम नायब सैनी का बड़ा फैसला, ‘विकसित भारत-2047’ के विजन से बदलेगी हरियाणा के 4 प्रमुख शहरों की तस्वीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed