September 26, 2026

Kapurthala Stray Dog Attack : कपूरथला में आवारा कुत्ते ने 6 बच्चों सहित 15 लोगों को काटा

0
Kapurthala Stray Dog Attack : कपूरथला में आवारा कुत्ते ने 6 बच्चों सहित 15 लोगों को काटा

कपूरथला में आवारा कुत्ते ने 6 बच्चों सहित 15 लोगों को काटा

Kapurthala Stray Dog Attack : कपूरथला शहर का मार्कफेड इलाका शनिवार सुबह उस वक्त अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी से गूंज उठा, जब एक आवारा काले कुत्ते ने राहगीरों पर हमला बोलना शुरू कर दिया। जो भी उसके रास्ते में आया, कुत्ते ने उसे अपने दांतों से गोद डाला। महज कुछ ही घंटों के भीतर इस खूंखार कुत्ते ने 6 मासूम बच्चों सहित करीब 15 लोगों को लहूलुहान कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद करने को मजबूर हो गए, जबकि कुछ युवाओं ने लाठियां लेकर बच्चों को बचाने की कोशिश की।

मासूमों को बनाया आसान निशाना, 3 साल के बच्चे को भी नोचा

कुत्ते के हमले का सबसे ज्यादा शिकार वे छोटे बच्चे बने जो घरों के बाहर खेल रहे थे या परिजनों के साथ बाहर निकले थे। हमलावर कुत्ते ने बच्चों के चेहरे, हाथ और टांगों पर गहरे घाव कर दिए। घायलों में 3 वर्षीय वरुणजोत सिंह, 4 वर्षीय सत्यम, 8 वर्षीय अभीनूर सिंह, साढ़े तीन वर्षीय रेहू कुमारी और 9 वर्षीय मोनू कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा रीना देवी (पत्नी राम बाऊ नाथ), रजिंदर कौर (पत्नी बलविंदर सिंह), रजिंदर कौर (पत्नी हरजिंदर सिंह), राजविंदर कौर, संजीव कुमार, धर्मिंदर कुमार, अरविंदर माथो और मुत्ती देवी सहित कई अन्य वयस्क भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सिविल अस्पताल में बनी आपात स्थिति, डॉक्टरों की टीम मुस्तैद

घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन और स्थानीय लोग सभी घायलों को निजी वाहनों व ऑटो की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला लेकर पहुंचे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कुत्ते के काटने के मरीज आने से अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप मच गया।

ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जशन और डॉक्टर युक्ता ने स्थिति संभालते हुए तुरंत घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों को एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं। गनीमत यह रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने से किसी मरीज की हालत ज्यादा गंभीर नहीं हुई।

प्रशासनिक नाकामी पर बिफरे शहरवासी, आवारा पशुओं से निजात की मांग

इस खौफनाक वारदात के बाद कपूरथला के नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। मार्कफेड और आसपास के निवासियों का कहना है कि शहर के हर दूसरे कोने पर आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवारा कुत्तों की नसबंदी और उन्हें सड़कों से हटाने के लिए जल्द कोई सख्त और ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

नगर निगम ने कहा- कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम रवाना
मामला तूल पकड़ते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। नगर निगम के एसओ तरलोचन सिंह ने बताया कि मार्कफेड इलाके में कुत्ते द्वारा कई लोगों को काटे जाने की सूचना मिलते ही डॉग कैचर टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि टीम इलाके की घेराबंदी कर खूंखार कुत्ते को जल्द काबू में कर लेगी ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Batala Double Murder Friend Colony : बटाला में मां-बेटी की हत्या से हड़कंप, आरोपी पति की तलाश तेज

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed