Ladwa Community Centers Suman Saini: हरियाणा के लाडवा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को रफ्तार देते हुए राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने आज कनीपला, बिहोली, बीड़ खैरी और दबखेड़ा गांवों का दौरा किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरी तर्ज पर गांवों को विकसित करने की मुहिम के तहत इन चारों गांवों में लगभग 65-65 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सामुदायिक केंद्रों की नींव रखी गई। इन केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को अब शादी-विवाह या अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए शहरों के महंगे मैरिज पैलेस बुक करने की चिंता से मुक्ति मिलेगी।
गांवों में मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं, करोड़ों के ग्रांट मंजूर
भूमि पूजन के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुमन सैनी ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि इन सामुदायिक केंद्रों में न केवल पारिवारिक समारोह बल्कि बड़ी सामाजिक बैठकें और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आसानी से हो सकेंगे। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भारी-भरकम ग्रांट जारी की गई है। गांव कनीपला में गलियों और नालियों के विकास के लिए 1.09 करोड़ रुपये, बिहोली में तालाब पार्क समेत विभिन्न कार्यों के लिए 1.53 करोड़ रुपये, बीड़ खैरी में 1.41 करोड़ रुपये और दबखेड़ा में 1.18 करोड़ रुपये के विकास कार्य युद्धस्तर पर प्रगति पर हैं।
भ्रष्टाचार पर प्रहार और पारदर्शी शासन का दावा
सुमन सैनी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के आने से बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म हो चुकी है। यदि केंद्र या राज्य सरकार से सौ रुपये भेजे जाते हैं, तो वे पूरे सौ रुपये पात्र लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंचते हैं। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भेजी गई राशि का एक बड़ा हिस्सा रास्ते में ही गायब हो जाता था, लेकिन आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अंत्योदय की भावना के साथ पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी और स्थानीय सरपंचों समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें– रोहतक में NCB की बड़ी कार्रवाई, रैनकपुरा खोखराकोट से हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

