August 2, 2026

Mirzapur The Movie Teaser: बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं कालीन भैया और गुड्डू पंडित, टीजर ने उड़ाए होश

0
Mirzapur The Movie Teaser: बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं कालीन भैया और गुड्डू पंडित, टीजर ने उड़ाए होश

मिर्जापुर: द मूवी' में मुन्ना भैया का दिखेगा जलवा

Mirzapur The Movie Teaser: अमेजन प्राइम वीडियो की सबसे लोकप्रिय और कल्ट क्राइम-एक्शन सीरीज ‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए आज का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है। मोबाइल और लैपटॉप की स्क्रीन पर राज करने के बाद अब मिर्जापुर की गद्दी की यह खूनी जंग थिएटर्स में लड़ी जाएगी। मेकर्स ने फैंस की बेताबी को बढ़ाते हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला आधिकारिक टीजर ड्रॉप कर दिया है।

2 मिनट 22 सेकेंड के इस टीजर ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर आग लगा दी है। गुड्डू पंडित (अली फजल) का खूंखार अंदाज और कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) का वही चिर-परिचित रौब एक बार फिर दर्शकों के रोंगटे खड़े करने के लिए तैयार है।

मुन्ना भैया की वापसी और ‘स्वीटी’ का सस्पेंस, टीजर ने चौंकाया

टीजर की सबसे बड़ी यूएसपी उन किरदारों की वापसी है, जिन्हें दर्शक मरा हुआ मान चुके थे। सीरीज के पहले ही सीजन में दम तोड़ने वाली स्वीटी (श्रिया पिलगांवकर) को टीजर में दोबारा दिखाया गया है, जिसने फैंस के दिमाग की बत्ती जला दी है।

वहीं, अमर होने का दावा करने वाले मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) भी टीजर में दमदार संवाद बोलते दिख रहे हैं, हालांकि चर्चा है कि फिल्म में उनका रोल थोड़ा सीमित हो सकता है। टीजर को देखकर कहानी का सटीक अंदाजा लगा पाना तो मुश्किल है, लेकिन इतना साफ है कि बैकड्रॉप, थ्रिल और बैकग्राउंड म्यूजिक वही पुराना और घातक होने वाला है।

रवि किशन लाएंगे नया ट्विस्ट, स्टार कास्ट की लंबी फौज

इस बार फिल्म में सबसे बड़ा नयापन अभिनेता और सांसद रवि किशन के किरदार से आने की उम्मीद है। पुरानी स्टार कास्ट के साथ उनकी जुगलबंदी फिल्म को एक अलग लेवल पर ले जा सकती है।

रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म की स्टार कास्ट बेहद भारी-भरकम है, जिसमें श्वेता त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकार अपनी अदाकारी का लोहा मनवाते दिखेंगे।

नवंबर 2018 से शुरू हुआ था मिर्जापुर का सफर

बता दें कि ‘मिर्जापुर’ भारत के डिजिटल इतिहास की सबसे कामयाब फ्रेंचाइजी में से एक है। इसका पहला सीजन 16 नवंबर 2018 को आया था, जिसने रातों-रात अली फजल और दिव्येंदु को कल्ट स्टार बना दिया। इसके बाद 23 अक्टूबर 2020 को दूसरा सीजन और 5 जुलाई 2024 को इसका तीसरा सीजन रिलीज हुआ था।

अब मेकर्स इस पूरी कहानी को री-पैकेज करके सिनेमाघरों के दर्शकों को खींचने की तैयारी में हैं। फिल्म 4 सितंबर को थिएटर्स की खिड़की पर दस्तक देगी, जिसके बाद ही साफ होगा कि सीरीज की तरह फिल्म भी इतिहास रच पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed