Bollywood News: बॉलीवुड में अपनी फिल्मों के जरिए संवेदनशील और जमीनी मुद्दों को बेबाकी से उठाने वाले निर्देशक विवेक अग्निहोत्री एक बार फिर एक बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘द वैक्सीन वॉर’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी चर्चा बटोरने वाली फिल्में बनाने के बाद अब वे भारतीय सेना के शौर्य और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अनकही दास्तान को बड़े पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। इस मेगा बजट प्रोजेक्ट में वे पहली बार बॉलीवुड के यूथ आइकन कार्तिक आर्यन के साथ हाथ मिलाने जा रहे हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन की किताब पर आधारित होगी कहानी
‘वैरायटी इंडिया’ की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन की बहुचर्चित किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी’ पर आधारित होगी। फिल्म में भारतीय सेना के पराक्रम के साथ-साथ उन तमाम इनसाइड स्टोरीज और रणनीतियों से पर्दा उठाया जाएगा, जिनसे आम जनता अब तक बेखबर रही है। बताया जा रहा है कि कार्तिक आर्यन इस वक्त निर्देशक शमित अमीन की फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। जैसे ही यह प्रोजेक्ट पूरा होगा, वे तुरंत विवेक अग्निहोत्री की इस एक्शन-ड्रामा फिल्म की तैयारियों में जुट जाएंगे।
कार्तिक आर्यन के करियर के लिए ‘गेम चेंजर’ बनेगा यह रोल
एक दौर था जब कार्तिक आर्यन को केवल रोमांटिक-कॉमेडी (Rom-Com) फिल्मों तक ही सीमित माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय में उन्होंने अपनी इमेज को पूरी तरह से री-इन्वेंट किया है। कबीर खान की ‘चंदू चैंपियन’ में उनके दमदार अभिनय और शारीरिक बदलाव ने यह साबित कर दिया था कि वे हर तरह के चैलेंजिंग रोल्स के लिए तैयार हैं। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कार्तिक के करियर के लिए बहुत बड़ी ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकती है।
एक्सपेरिमेंट के मूड में कार्तिक, झोली में कई बड़े प्रोजेक्ट्स
अगर कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्मों की लिस्ट देखें तो वे किसी एक ढर्रे पर चलने के मूड में बिल्कुल नजर नहीं आ रहे हैं। उनके पास जहां सुपरहीरो ड्रामा ‘नागजिला’ है, वहीं अनुराग बसु की अनटाइटल्ड रोमांटिक फिल्म और ‘कैप्टन इंडिया’ जैसी कंटेंट-ड्रिवेन फिल्में भी कतार में हैं। एक ही इमेज में बंधकर न रहने की कार्तिक की यह रणनीति उन्हें एक स्टार से आगे बढ़ाकर एक बहुमुखी अभिनेता के रूप में स्थापित कर रही है। अब यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि विवेक अग्निहोत्री की गंभीर सिनेमा शैली के साथ कार्तिक की यह जुगलबंदी बड़े पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।
यह भी पढ़ें– शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का खूंखार पोस्टर रिलीज, हाथ में बंदूक और मुंह में गुलाब लिए आए नजर

