Mohali Mass Anand Karaj: जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सामूहिक आनंद कारज 1 नवंबर 2026, रविवार को मोहाली में करवाए जाएंगे। सर्व सांझा वेलफेयर सोसायटी (रजि.), मोहाली की ओर से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और संगतों के सहयोग से यह आयोजन गुरुद्वारा नानक दरबार साहिब, सेक्टर-90-91 में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सोसायटी के पदाधिकारी तथा सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। विधायक कुलवंत सिंह के संरक्षण में आयोजित इस सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के आनंद कारज करवाए जाएंगे। आयोजन के बाद नवविवाहित जोड़ों को नई गृहस्थी शुरू करने के लिए घरेलू जरूरत का सामान भी भेंट किया जाएगा।
स्टेट अवार्डी एवं सर्व सांझा वेलफेयर सोसायटी के प्रधान फूलराज सिंह ने बताया कि विधायक कुलवंत सिंह के संरक्षण में सोसायटी हर वर्ष जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सामूहिक आनंद कारज करवाती है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ करवाया गया है। इसका भोग 1 नवंबर को सुबह 8 बजे डाला जाएगा, जिसके बाद दिनभर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार आगे की रस्में संपन्न होंगी। फूलराज सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे बारातों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे बारातियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई है, जबकि सुबह 11:30 बजे आनंद कारज की रस्में संपन्न करवाई जाएंगी।
दोपहर 1:30 बजे गुरु का लंगर और भोजन
आनंद कारज की रस्मों के बाद दोपहर 1:30 बजे गुरु का लंगर और भोजन वितरित किया जाएगा। आयोजन में क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों और संगतों को शामिल होने के लिए खुला निमंत्रण दिया गया है। फूलराज सिंह ने क्षेत्र के लोगों और समाजसेवी संगठनों से अपील की कि वे इस शुभ अवसर पर पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की जरूरतमंद बेटियों को सम्मान के साथ नई जिंदगी की शुरुआत में सहयोग देने का प्रयास है।
सोसायटी के प्रधान ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल बेटियों का विवाह करवाना नहीं है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों को नई गृहस्थी शुरू करने में आवश्यक सहयोग देना भी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक जोड़े को घरेलू जरूरत का सामान भेंट किया जाएगा। दुल्हन के लिए 11 सूट, जबकि दूल्हे के लिए 2 सूट दिए जाएंगे। इसके अलावा सास के लिए 2 सूट और ससुर के लिए 1 सूट भी सामान में शामिल है।
प्रत्येक जोड़े को 51 बर्तनों का स्टील सेट और एक प्रेशर कुकर भी दिया जाएगा। गृहस्थी के अन्य सामान में चार कुर्सियां, एक मेज, एक बेड सेट, दो गर्म बिस्तर और दो ठंडे बिस्तर शामिल हैं। मिलनी के लिए कंबल, पंखा, साइकिल और दूल्हा-दुल्हन के लिए अलग-अलग घड़ियां भी भेंट की जाएंगी। इसके साथ श्रृंगार का सामान, ट्रंक, अटैची और सिलाई मशीन भी नवविवाहित जोड़ों को दी जाएगी। दुल्हन को सोने का कोका भी भेंट किया जाएगा। सोसायटी का कहना है कि इस सहयोग के जरिए जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक नई जिंदगी शुरू करने में मदद देने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक कुलवंत सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां करेंगी शिरकत
फूलराज सिंह के अनुसार, आयोजन में मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह, श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के सांसद मालविंदर सिंह कंग और मोहाली नगर निगम के मेयर सरबजीत सिंह समाना विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा जिला योजना बोर्ड मोहाली की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर, एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर और डीएसपी मोहाली हरसिमरन सिंह बल के भी कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में आर.पी. शर्मा, हरपाल सिंह चन्ना, डॉ. एस.पी. सिंह (एमडी, ग्रुप ऑफ इंडस हॉस्पिटल), गुरमीत सिंह (सचिव एवं ट्रस्टी, सोहाना अस्पताल), हरमिंदर बजाज, डॉ. एस.एस. भवरा (निदेशक, जेएलपीएल), परमजीत सिंह चौहान (निदेशक, जेएलपीएल) और डॉ. लखविंदर सिंह भी शामिल होंगे।
भगवान सिंह गिल (एमडी), कुलदीप सिंह समाना, अश्वनी शर्मा (प्रबंध निदेशक, रबाब म्यूजिक प्रोडक्शन, मोहाली), जगजीत कौर काहलों (चेयरपर्सन, हरि सिंह मेमोरियल चौरिटेबल सोसायटी, मोहाली) और हरजिंदर सिंह रंगी (एमडी, हाईलैंड मेफील्ड) भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। गुरमीत सिंह वालिया (प्राइड कैटरर्स), नौनीहाल सिंह सोढ़ी और समाजसेवी दमनदीप सिंह औजला सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी आयोजन में मौजूद रहेंगे।
सोसायटी और क्लब के पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारियां
सामूहिक आनंद कारज को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार दोपहर सर्व सांझा वेलफेयर सोसायटी और शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर क्लब, मोहाली के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और सदस्यों को सौंपी गईं। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।
बैठक में सोसायटी के वरिष्ठ उपप्रधान गुरदीप सिंह टिवाणा, उपप्रधान निहाल सिंह विर्क, पलविंदर सिंह गुराया, महासचिव गुरवीर सिंह बग्गा और कोषाध्यक्ष गुरमीत सिंह सैनी मौजूद रहे। शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर क्लब के प्रधान एवं कबड्डी कोच भूपिंदर सिंह, संरक्षक हरमेश सिंह कुंभड़ा और महासचिव हरमिंदर सिंह माखा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। यह आयोजन शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर क्लब, मोहाली, लायंस क्लब पंचकूला प्रीमियर और जे.एल. प्रोडक्शन के सहयोग से करवाया जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि 1 नवंबर को धार्मिक मर्यादा के साथ सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूरी की जा सकें।
Click Here👉 पंजाब से जुड़ी खबरें पढें

