Nangal Chaudhary : सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार, जाट सभा की बैठक में लिए गए तीन बड़े निर्णय
समाज की बैठक में बार एसोसिएशन के प्रधान विजयपाल का अभिनंदन करते प्रबुद्धजन।
Nangal Chaudhary :(विजय यादव) समाज की मजबूती केवल परंपराओं को निभाने में नहीं, बल्कि समय के साथ अनावश्यक और खर्चीली रिवाजों में बदलाव लाने की सोच में है। इसी सोच के साथ जाट सभा के प्रधान कुलदीप जेलदार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ तीन बड़े फैसले लिए गए। जिनकी पालना के लिए 26 सितंबर से जागरूकता अभियान आरंभ करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वप्रथम दिवंगत चौ. मालाराम को श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद सामाजिक कुरीतियों पर मंथन आरंभ किया। विचार-विमर्श के बाद समाज ने मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। स्वामणी अथवा किसी अन्य माध्यम से भी मृत्यु भोज को मान्यता नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा विवाह एवं अन्य शुभ अवसरों पर गांव की लड़कियों द्वारा बांटे जाने वाले बर्तनों के लेन-देन पर पाबंदी लगाने का फैसला हुआ। मृत्यु के बाद रिश्तेदारों को टीके के रूप में दी जाने वाली राशि पर भी पूर्ण रोक रहेगी।इतना ही नहीं इन फैसलों को धरातल पर लागू कराने के लिए गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने की रूपरेखा बनाई गई है।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 26 सितंबर को सुबह 10 बजे बुढ़वाल से अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद बनिहाड़ी में दोपहर 12 बजे, कालबा में 2 बजे और नोलायजा में शाम 4 बजे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभा के फैसलों का उद्देश्य सामाजिक एकजुटता के साथ अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करना और आने वाली पीढ़ी को सरल एवं सकारात्मक सामाजिक परंपराओं की विरासत देना है।
बैठक में सत्यपाल दहिया, हजारीलाल लंबोरा, रामनिवास सरपंच, बिरेंद्र सिंह, सतवीर बडेसरा, सूबेदार जगराम, एडवोकेट प्रमोद ताखर, पूर्व प्रधान जोगेंद्र छिल्लर, बलबीर पूर्व प्रधान, सुधीर चौधरी, भूप सिंह, जसवंत शेहरावत सिरोही बहाली, दिलीप मोहनपुर समेत समाज के प्रबुद्धजनों ने विचार रखे हैं।
बार एसोसिएशन के प्रधान विजयपाल का अभिनंदन
जाट समाज के आम बैठक में नारनौल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित प्रधान विजयपाल एडवोकेट को विशेष रूप से आमंत्रित किया। समाज के स्तर पर उनका अभिनदंन किया गया, इसके बाद उन्हें पीड़ित वर्ग के लिए कोर्ट की न्यायिक प्रक्रिया में मदद करने का आग्रह किया। कहा कि विजयपाल ने बतौर अधिवक्ता मानवता और सच्चाई को प्राथमिकता दी है।
यह भी देखें – हरियाणा व्यापार मंडल की नई शहरी कार्यकारिणी गठित, विनोद सोनी बने प्रधान, UPI पर MDR का किया गया विरोध
