Narnaul: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक दीपक तथा बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हड़ताल के दौरान सेवानिवृत्त बिजली कर्मचारियों तथा आईटीआई के इलेक्ट्रिकल ट्रेड के पास आउट बच्चों से काम लिया जाए।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि महेंद्रगढ़ जिले के सभी बिजली घरों और बिजली ढांचे की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन स्वयं संभालेगा। किसी भी अप्रिय घटना से तत्काल निपटने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बिजली घरों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा सके।
उपायुक्त ने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी हाल में आमजन को बिजली संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बिजली कर्मचारियों से फिर आह्वान किया है कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। प्रत्येक नागरिक के अधिकारों के साथ-साथ कुछ कर्तव्य भी होते हैं।
हम सभी को अपनी जिम्मेदारी को निभाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 01282-294277 तथा मोबाइल नंबर 8059888214 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नारनौल स्थित सिटी टू के मोबाइल नंबर 8059888005 पर भी सूचना दी जा सकती है।

