Narnaul Crime News: निजामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धौलेड़ा में चोरी की एक वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात चोर एक किसान के खेत में लगे सोलर ट्यूबवेल को अपना निशाना बनाते हुए सोलर कंट्रोलर और करीब 150 फीट लंबी केबल चोरी कर ले गए।
इस घटना से पीड़ित किसान को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। किसान की शिकायत पर निजामपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव धौलेड़ा निवासी राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में सिंचाई के लिए सोलर ऊर्जा से चलने वाला ट्यूबवेल लगवाया हुआ है। कुछ दिन पहले अज्ञात चोर उनके ट्यूबवेल से ओजवाल कंपनी का सोलर कंट्रोलर चुरा ले गए।
चोर केवल कंट्रोलर पर ही नहीं रुके, बल्कि वे कंट्रोलर से मोटर तक जाने वाली लगभग 150 फीट लंबी कॉपर/पावर केबल भी अपने साथ ले उड़े।
घटना का पता चलने के बाद किसान राजेंद्र सिंह ने अपने स्तर पर आसपास और संभावित ठिकानों पर चोरी हुए सामान की काफी तलाश की, लेकिन जब कंट्रोलर और केबल का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने 24 अक्टूबर को निजामपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की लिखित शिकायत दी।
शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और 24 अक्टूबर को ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़कर चोरी हुए सामान की बरामदगी कर ली जाएगी।
यह भी देखें – नारनौल में सीआईए टीम का बड़ा एक्शन, हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क

