Narnaul: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के पोषण जीवविज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अनीता कुमारी को न्यूट्रिशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (एनएसआई) के 58वें वार्षिक सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति के लिए एनएसआई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन 9-10 अक्टूबर, 2026 को तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित अविनाशिलिंगम इंस्टीट्यूट फॉर होम साइंस एंड हायर एजुकेशन फॉर वूमेन में आयोजित हुआ।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने डॉ. अनीता कुमारी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विटामिन-डी की कमी से संबंधित शोध में उनके योगदान की सराहना की। डॉ. अनीता कुमारी ने सम्मेलन में ’हरियाणा की किशोरियों में सीरम 25-हाइड्रॉक्सीविटामिन डी का प्रसार एवं इससे संबंधित आहार प्रबंधन रणनीतियां’ विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया। यह अध्ययन हरियाणा सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एचएससीएसआईटी) द्वारा वित्तपोषित परियोजना के तहत किया गया। इस परियोजना में प्रो. नीलम सांगवान और प्रो. सुरेंद्र सिंह सह-प्रधान अन्वेषक के रूप में शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए साक्ष्य-आधारित अनुसंधान के महत्व पर बल दिया। इसी क्रम में कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की शोध उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।अंतर्विषयी एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मौर्य ने पोषण संबंधी आकलन और आहार हस्तक्षेपों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। पोषण जीवविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. उमेश कुमार ने भी शोध टीम को बधाई दी। डॉ. अनीता कुमारी ने अध्ययन के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान करने हेतु एचएससीएसआईटी और हरियाणा सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विटामिन-डी युक्त खाद्य उत्पादों के प्रभाव के मूल्यांकन तथा साक्ष्य-आधारित आहार एवं चिकित्सकीय हस्तक्षेप संबंधी अध्ययनों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने विश्वविद्यालय नेतृत्व, दोनों सह-प्रधान अन्वेषकों, शोध सहायक डॉ. दीपिका, सहयोगियों, शोधकर्ताओं, अध्ययन प्रतिभागियों तथा महेंद्रगढ़, भिवानी और कुरुक्षेत्र जिलों के सरकारी विद्यालयों के सहयोग के लिए आभार जताया।
यह भी देखें धान खरीद और भुगतान की समीक्षा, मंत्री राजेश नागर की अधिकारियों को सख्त चेतावनी

