Narnaul:
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। इसी क्रम में जिले के सभी उपमंडलों में भी संबंधित एसडीएम ने समाधान शिविर लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं।
इस मौके पर उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में कोई भी नागरिक अपनी किसी भी प्रकार की समस्या बेझिझक रख सकता है।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों में आने वाली सभी शिकायतों की निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सीधे की जाती है। हर शिकायत को समाधान पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, ताकि उसके निपटारे की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत को पूरी गंभीरता से सुनें और उस पर की गई कार्रवाई की एक्शन टेकन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भिजवाएं।
अनुपमा अंजली ने कहा कि समाधान शिविर आम नागरिकों के लिए एक बेहतरीन मंच है, जहां सभी प्रकार की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे हो रहा है। इससे लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिल रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद थे।

