September 19, 2026

Narnaul : दुकान बंद कर लौट रहे व्यापारी के साथ मारपीट, जेब से पांच हजार रुपए लूटे

0
Narnaul : दुकान बंद कर लौट रहे व्यापारी के साथ मारपीट, जेब से पांच हजार रुपए लूटे

पीड़ित व्यापारी

Narnaul : नारनौल शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गुरुवार की शाम दुकान बंद करके घर लौट रहे एक व्यापारी के साथ रास्ते में तीन बदमाशों ने न केवल मारपीट की, बल्कि उसकी जेब से करीब पांच हजार रुपए भी छीन लिए। घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में रोष और दहशत का माहौल है। पीड़ित व्यापारी को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

धोबी जोहड़ के पास दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित व्यापारी महेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि वह मूल रूप से सीहमा का रहने वाला है और वर्तमान में नारनौल की पुरानी मंडी इलाके में रहता है। वह सीहमा में साइबर कैफे की दुकान चलाता है। प्रतिदिन की तरह वह वीरवार शाम को अपनी दुकान बंद करके बाइक से अपने घर पुरानी मंडी लौट रहा था।

जैसे ही वह धोबी जोहड़ से कुछ आगे एक मोड़ के पास पहुंचा, अचानक एक अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक के आगे आ गया। उसने तुरंत बाइक की चाबी निकाली और महेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।

महेंद्र के मुताबिक, जब वह अपना बचाव कर रहा था, तभी दो अन्य व्यक्ति भी वहां आ पहुंचे और तीनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

जान बचाने के लिए एक मकान में घुसा पीड़ित

पीड़ित ने दर्द बयां करते हुए बताया कि जब आरोपियों ने उस पर हमला किया, तो आसपास कोई भी उसे बचाने नहीं आया। अपनी जान बचाने के लिए वह वहां से भागा और पास ही के एक मकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि मकान मालिक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत मुख्य दरवाजा बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब उसने अपना सामान चेक किया तो उसकी शर्ट की आगे वाली जेब में रखे करीब पांच हजार रुपए गायब मिले और बैग का सामान भी बिखरा हुआ था।

शरीर पर कई जगह आई गंभीर चोटें

इस हमले में व्यापारी महेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर, हाथ और पैरों पर काफी चोटें लगी हैं। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने इस संबंध में सिटी थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों के लोगों पर जताया शक

पीड़ित व्यापारी ने आशंका जताई है कि इस लूटपाट और मारपीट की इस घटना के पीछे आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले असामाजिक तत्व हो सकते हैं। उसका कहना है कि इस क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं। उन्होंने इस बारे में पहले भी पुलिस को अवगत कराया था, लेकिन वारदातों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी देखें – नारनौल में नशाखोरी के खिलाफ फूटा आक्रोश, बड़ा बाग मोहल्ले के लोगों ने बनाई ठोस रणनीति, पुलिस भी आई साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed