Narnaul News: दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी के दिशा-निर्देशन में नारनौल, महेंद्रगढ़ एवं कनीना क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों से 11 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।
डॉ. अमित कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की मिलावट से बचें।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 250 प्रतिशत अधिक खाद्य नमूने एकत्रित किए गए हैं। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने माननीय कमिश्नर खाद्य सुरक्षा विभाग डॉ. मनोज कुमार जी को देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन, निरंतर निगरानी एवं प्रभावी दिशा-निर्देशन के कारण जिले में खाद्य सुरक्षा गतिविधियों को नई गति मिली है।
डॉ. अमित कुमार ने आमजन से भी अपील की कि वे त्योहारों के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
यह भी देखें – नई अनाज मंडी नांगल चौधरी में बाजरे की खरीद के लिए रिवाइज्ड शेड्यूल जारी, 7 से 9 नवंबर तक रहेगा अवकाश


