Narnaul News: राजकीय महाविद्यालय नारनौल के रेड क्रॉस और एनसीसी प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में स्टेट आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के इंस्पेक्टर बलराम सिंह और सब इंस्पेक्टर सुखवीर सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षण टीम ने छात्रों व शिक्षकों को मानव सुरक्षा जागरूकता के तहत विभिन्न आपदाओं से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए। सब इंस्पेक्टर सुखवीर सिंह ने कहा, “उचित प्रबंधन योजनाओं और प्रशिक्षण से आपदाओं का दुष्प्रभाव काफी कम किया जा सकता है।”
एसडीआरएफ टीम के हवलदार कपील, प्रदीप, संदीप, विकास और विरेंद्र अजित ने बाढ़, भूकंप, सड़क सुरक्षा, वज्रपात, सर्पदंश, करंट लगने, सिलेंडर गैस रिसाव और आगजनी जैसी घटनाओं में बचाव उपायों की जानकारी दी। साथ ही हवलदार दिपक, सुनील, जितेन्द्र, सुमित, जगवीर, राहुल और समुद्र सिंह ने फर्स्ट एड और सीपीआर का डेमोस्ट्रेशन कर अभ्यास कराया। छात्रों को घर में उपलब्ध सामान से इम्प्रोवाइज राफ्ट व स्ट्रेचर बनाकर आपदा के समय इस्तेमाल करने का तरीका भी सिखाया गया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. हवा सिंह ने कहा कि हर कॉलेज में आपदा प्रबंधन योजना और सालाना कार्यशाला जरूरी है ताकि जान-माल का नुकसान रोका जा सके। डॉ. सत्य पाल सुलोदिया ने बताया कि एसडीआरएफ जिले के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में लगातार प्रशिक्षण दे रहा है, ताकि शिक्षक-छात्र आपात स्थिति में सक्षम बनें।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. हवा सिंह ने एसडीआरएफ टीम और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।

