Narnaul News: पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और युवा ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के असली ब्रांड एंबेसडर हैं। श्री यादव बुधवार को बाबा खेतानाथ पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026-27 में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, महेंद्रगढ़ की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत किया गया।इसका उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य अनिल यादव ने किया।
विधायक ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ राष्ट्रीय महत्व का विषय है और युवाओं को इस पर तथ्यों, तर्कों और संवैधानिक दृष्टिकोण के आधार पर अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत करते हैं।
प्राचार्य अनिल यादव ने कहा कि युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया और विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में युवाओं ने विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।
निर्णायक मंडल में डॉ. जितेंद्र भारद्वाज, इंजीनियर विकास यादव, यूथ आइकन हरीश शर्मा, प्रोफेसर जितेंद्र यादव और मनीष शामिल रहे। परिणाम में संदीप ने प्रथम, करीना ने द्वितीय और विवेक ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर प्रोफेसर सतपाल सुलोदिया, प्रदीप कुमार, युवा साथी ग्रुप के प्रधान टिंकू सैनी, माय भारत के युवा स्वयंसेवक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी देखें – तेज रफ्तार इको गाड़ी ने रेहड़ी को मारी टक्कर, रेहड़ी संचालक गंभीर रूप से घायल


