August 17, 2026

Narnaul News: नारनौल के सदर बाजार में एसी की तांबे की तारें चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर

0
Narnaul News: नारनौल के सदर बाजार में एसी की तांबे की तारें चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर

नारनौल के सदर बाजार में एसी की तांबे की तारें चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर

Narnaul News: नारनौल शहर के दिल कहे जाने वाले सदर बाजार में बेखौफ चोरों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिया है। रविवार की देर रात एक अज्ञात शातिर चोर ने आजाद चौक के पास स्थित ‘शर्मा डेंटल क्लिनिक’ और ‘आशु मेडिकल स्टोर’ को निशाना बनाया। चोर दोनों दुकानों के बाहर लगे एयर कंडीशनर (AC) की आउटडोर यूनिट से तांबे के महंगे तार काटकर चंपत हो गया। सोमवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तब जाकर उन्हें इस वारदात की जानकारी हुई।

स्थानीय आजाद चौक के समीप पुराने गोविंद हॉल के पास स्थित इस व्यस्त बाजार में हुई चोरी के बाद दुकानदारों में गहरा आक्रोश है। डेंटल क्लिनिक के संचालक डॉ. नवीन शर्मा और मेडिकल स्टोर मालिक ने बताया कि जब उन्होंने एसी चालू करने का प्रयास किया और ठंडक नहीं हुई, तब पीछे जाकर देखने पर चोरी का पता चला। दोनों पीड़ित व्यापारी इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

रेहड़ी पर चढ़ा, मुंह पर बांध रखा था कपड़ा; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि देर रात करीब एक नकाबपोश युवक मुंह पर कपड़ा लपेटकर सदर बाजार में दाखिल होता है। दुकानों के बाहर लगी एसी की आउटडोर यूनिटों की रेकी करने के बाद वह पास में ही खड़ी एक रेहड़ी को खींचकर लाता है।

ऊंचाई तक पहुंचने के लिए चोर ने बड़े ही शातिराना अंदाज में रेहड़ी को दीवार के साथ सटाया और फिर उस पर चढ़कर पास रखे काउंटर पर जा खड़ा हुआ। इसके बाद उसने औजारों की मदद से दोनों दुकानों की एसी आउटडोर यूनिट से जुड़े तांबे के तारों को काटा, उन्हें समेटा और अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से रफूचक्कर हो गया।

गश्त न होने से रात में सुनसान रहता है बाजार, एक महीने पहले भी हुई थीं दो चोरियां

घटना से नाराज डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि सदर बाजार शहर का मुख्य व्यापारिक केंद्र होने के बावजूद रात ढलते ही पूरी तरह सुनसान हो जाता है। पुलिस प्रशासन की ओर से रात के समय न तो नियमित गश्त की जाती है और न ही बाजार में सुरक्षा के लिए किसी चौकीदार का प्रबंध है। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आपराधिक तत्व आए दिन ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

गौरतलब है कि इलाके में एसी के तांबे के तारों की चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। ठीक एक महीने पहले भी सदर बाजार के पास स्थित देवेंद्र गैस एजेंसी और छिप्पी होटल में लगे दो एसी की आउटडोर यूनिट से तांबे के तार काट लिए गए थे। उस समय भी पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर छाएंगे मानसूनी बादल, सोनीपत-करनाल में जलभराव, जानें आपके जिले में कब होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed