Narnaul: नारनौल अधिवक्ता चैंबर सोसाइटी के प्रधान चौधरी यशवीर ढिल्लों ने जिला उपायुक्त एवं नगर परिषद नारनौल से मीडिया के माध्यम से न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता चैंबर के मुख्य द्वार के सामने लगे गंदगी के ढेरों को तुरंत उठवाकर उचित स्थान पर डलवाने की मांग की है।
चौधरी यशवीर ढिल्लों ने कहा कि न्यायालय में लोगों को न्याय दिलाने के लिए आने वाले अधिवक्ताओं को प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। मुख्य द्वार पर कई दिनों से गंदगी के ढेर पड़े हैं और समय पर सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर न्यायालय परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थान के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही गंदगी के ढेर लगे होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा कई-कई दिनों तक यहां से गंदगी नहीं उठाई जाती, जिससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ न्यायालय में आने वाले आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिला उपायुक्त एवं नगर परिषद प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल सफाई करवाने तथा नियमित रूप से कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।चौधरी यशवीर ढिल्लों ने कहा कि यदि शासन और प्रशासन ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया तो अधिवक्ता चैंबर समिति की ओर से बड़ा कदम उठाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर केवल दावे न किए जाएं, बल्कि धरातल पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह भी देखें ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारों के साथ नारनौल में सड़कों पर उतरी कांग्रेस

