Narnaul: जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का आयोजन जिला जनगणना नोडल अधिकारी डॉ. मंगल सेन के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी इंचार्ज अधिकारियों सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
सीटीएम ने बताया कि दूसरे चरण की जनगणना अगले साल जनवरी से शुरू होगी। कार्यशाला का उद्देश्य दूसरे चरण की तैयारियों को बेहतर बनाना, अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देना और पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित व प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाना है।
इस दौरान जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने के बारे में बताया गया।
नगराधीश ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इससे मिलने वाले आंकड़े देश और प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक व जनसंख्या संबंधी स्थिति को समझने का आधार बनते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में जनगणना से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से अपेक्षा है कि वह अपने दायित्व का निर्वहन पूरी गंभीरता, सावधानी और जवाबदेही के साथ करें।
उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने स्तर पर तैयारियां समय रहते पूरी करें, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय, सही जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया का पालन ही जनगणना की सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर जनगणना के असिस्टेंट डायरेक्टर गुरविंदर पाल सिंह, राज्य प्रशिक्षण समन्वयक सतीश कुमार, जिला समन्वयक अंकेत यादव, महेंद्रगढ़ के तहसीलदार अजय कुमार सैनी, राजेश कुमार कौशिक, राजेश शर्मा और दीपक शर्मा सहित जिले के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी देखें UPI चार्ज पर दिवाली तक राहत: ₹2,000 से बड़े पेमेंट पर 0.4% MDR अब त्योहार के बाद लगेगा

