Narnaul: प्रदेशभर में मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को नारनौल के आईटीआई मैदान में मानव रंगोली एवं प्राकृतिक रंगोली का भव्य आयोजन किया गया। रंगों, रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति के संगम वाले इस कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा।जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का अवलोकन करने के लिए नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव तथा उपायुक्त अनुपमा अंजली विशेष रूप से पहुंचे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत @ 2047 के लिए निर्धारित 11 संकल्पों को मुख्य विषय के रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर 3500 विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर मानव रंगोली तैयार की। विभिन्न रेखाओं और आकृतियों के माध्यम से बच्चों ने इन्हीं संकल्पों को जीवंत रूप दिया। वहीं प्राकृतिक रंगोली में बाजरा, गेहूं, फूल-पत्तियों और दालों का उपयोग किया गया, जिससे स्थानीय कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति लगाव झलका।
इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक, चेयरमैन आईएमसी समिति सुरेश चौधरी तथा आईटीआई प्रिंसिपल विनोद खनगवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

