July 23, 2026

Bhiwani News: भिवानी के शेखावाटी संस्कृत कॉलेज का रिजल्ट 100%, छात्रा श्रुति शर्मा 506 अंकों के साथ बनीं जिला टॉपर

0
Bhiwani News: भिवानी के शेखावाटी संस्कृत कॉलेज का रिजल्ट 100%, छात्रा श्रुति शर्मा 506 अंकों के साथ बनीं जिला टॉपर

संस्कृत महाविद्यालय की बेटियों ने गाड़े सफलता के झंडे

Bhiwani News (भिवानी): संस्कृति, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रमुख केंद्र श्री हरियाणा शेखावाटी ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय भिवानी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। महाविद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें शास्त्री प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विशेष रूप से छात्राओं ने अपनी लगन से शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाकर यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है।

जारी परीक्षा परिणाम में शास्त्री प्रथम वर्ष की मेधावी छात्रा श्रुति शर्मा ने 600 में से 506 अंक प्राप्त कर न केवल महाविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे जिले में टॉप कर संस्थान की साख में चार चांद लगा दिए। इसी कक्षा में अंजलि ने दूसरा और पूजा शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

शास्त्री द्वितीय व तृतीय वर्ष का भी शानदार प्रदर्शन

शास्त्री द्वितीय वर्ष की बात करें तो रेखा ने पहला, प्रीति ने दूसरा और खुशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं शास्त्री तृतीय वर्ष के परिणामों में मनीषा प्रथम, अंशु द्वितीय तथा सपना शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। सभी मेधावी विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर महाविद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।

“पंडित सीताराम शास्त्री की तपोभूमि का सुफल” — शुकदेव मुनि

विद्यार्थियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के प्रशासक शुकदेव मुनि ने सभी मेधावी छात्रों को आशीर्वाद दिया और उनका मुंह मीठा करवाकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “यह पावन धरा महान संत पंडित सीताराम शास्त्री जी की तपोभूमि है। यह अभूतपूर्व परिणाम यहां के समर्पित आचार्यों के अमूल्य मार्गदर्शन, अनुशासन और विद्यार्थियों की दिन-रात की मेहनत का ही प्रतिफल है।”

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील शास्त्री ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य और अनुशासन का होना बेहद जरूरी है। जो विद्यार्थी निरंतरता और ईमानदारी से अध्ययन करता है, सफलता उसके कदम जरूर चूमती है।

इस गौरवमयी अवसर पर आचार्य हिमांशु शेमवाल, मीरा शर्मा, ललिता शर्मा, पारुल रानी, पवन शर्मा, प्रतिभा शर्मा, तनु शर्मा, राहुल यादव, रीतू शर्मा, जितेन्द्र शर्मा, संतोष सहित समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण staff सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें– भिवानी में दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे छात्र नेता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed