Bhiwani News: भिवानी में दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे छात्र नेता, जंतर-मंतर घटनाक्रम के विरोध में उबला गुस्सा
भिवानी में दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे छात्र नेता
Bhiwani News (भिवानी): दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की गुहार लगा रहे छात्र-छात्राओं पर हुए पुलिसिया बल प्रयोग और बदसलूकी की गूंज अब भिवानी की सड़कों पर साफ सुनाई दे रही है। इस दमनकारी रवैये के खिलाफ भिवानी के लघु सचिवालय के सामने पूर्व छात्र नेता एवं समाजसेवी उमेश भारद्वाज तथा छात्र नेता मंजीत लांगयान की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गई।
तपती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद अनशन स्थल पर दिनभर विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, अधिवक्ताओं, युवाओं और छात्र नेताओं की भारी भीड़ जुटी रही। अनशनकारियों के समर्थन में पहुंचे वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई महज कुछ विद्यार्थियों की नहीं है, बल्कि देश के हर उस युवा के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संघर्ष है जो ईमानदारी से अपने कल को संवारने का सपना देखता है।
“मानवीय पक्ष और छात्राओं के अपमान पर चुप क्यों है व्यवस्था?”
अनशन स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उमेश भारद्वाज ने बेहद भावुक और कड़े शब्दों में प्रशासन की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि आंदोलन में शामिल हमारी बहनों और युवा छात्रों के साथ जो अभद्रता हुई, उनके मन में जो भय और अपमान का भाव पैदा किया गया, उस मानवीय पहलू पर गंभीर चर्चा तक नहीं हो रही। किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र में संवाद ही सबसे बड़ा हथियार होता है। अगर देश का भविष्य कहे जाने वाले छात्र ही अपनी बात शांति से नहीं रख पाएंगे, तो फिर लोकतंत्र की आत्मा कैसे बचेगी?”
गैर-राजनीतिक मंच से न्याय की हुंकार
वहीं छात्र नेता मंजीत लांगयान ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या विशेष विचारधारा का नहीं है। यह हर उस विद्यार्थी के स्वाभिमान की लड़ाई है जिसकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई है। दोनों नेताओं ने युवाओं से अपील की कि आंदोलन पूरी तरह से अहिंसक, अनुशासित और संविधान के दायरे में रहकर चलाया जाएगा।
अनशन को समर्थन देने वालों में प्रमुख रूप से एडवोकेट दीपेश सारसर, श्यामल, सचिन, अशोक, साहिल, शेर सिंह खबरबास, पुनीत धांधा, निखिल खासा और संदीप सहित बड़ी संख्या में युवा व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें–Haryana News: दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरी JJP और कांग्रेस, हरियाणा के कई जिलों में भारी प्रदर्शन
