July 10, 2026

Gurugram Temple Theft: गुरुग्राम में बेखौफ चोर, सेक्टर-46 के हनुमान मंदिर से लाखों का दानपात्र साफ, कटर से काटा ताला

0
Gurugram Temple Theft: गुरुग्राम में बेखौफ चोर, सेक्टर-46 के हनुमान मंदिर से लाखों का दानपात्र साफ, कटर से काटा ताला

Gurugram Temple Theft: गुरुग्राम में बेखौफ चोर, सेक्टर-46 के हनुमान मंदिर से लाखों का दानपात्र साफ, कटर से काटा ताला

Gurugram Temple Theft: गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें भगवान के घर में भी हाथ साफ करने में कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा सनसनीखेज मामला सेक्टर-46 के जल विहार इलाके से सामने आया है। यहाँ एक ऑटो में सवार होकर आए शातिर चोरों ने हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने बकायदा कटर का इस्तेमाल कर मंदिर के मुख्य द्वार का ताला काटा और गर्भगृह के भीतर रखे दानपात्र की तिजोरी को खंगाल डाला। मंदिर के मुख्य पुजारी हरिओम शास्त्री की मानें तो इस दानपात्र को पिछले तीन सालों से खोला नहीं गया था, जिसके चलते इसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई लाखों रुपए की नकदी मौजूद होने का अनुमान है।

शातिराना अंदाज में दी वारदात को अंजाम, सीसीटीवी में खुला राज

स्थानीय निवासी तरुण कुमार ने बताया कि घटना की भनक लगते ही जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चोरों का शातिराना अंदाज देखकर हर कोई हैरान रह गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो युवक बड़े आराम से मंदिर के भीतर दाखिल होते हैं। उनके पास ताला काटने वाला कटर मौजूद था, जिससे उन्होंने चंद मिनटों में ताला उड़ा दिया और दानपात्र में रखे नोटों के बंडल अपने पिट्ठू बैग में भरने लगे। इस दौरान उनका एक तीसरा साथी मंदिर के ठीक बाहर ऑटो स्टार्ट कर खड़ा था और लगातार आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रेकी कर रहा था।

मंदिर निर्माण के लिए रोकी गई थी दानपात्र की रकम

पुजारी हरिओम शास्त्री ने बताया कि मंदिर की इस राशि को लेकर प्रबंधन ने एक विशेष योजना बनाई थी। दरअसल, जल्द ही मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और नए सिरे से निर्माण का कार्य शुरू कराया जाना था। इसी वजह से पिछले 3 वर्षों से दानपात्र से पैसे नहीं निकाले गए थे ताकि इस एकत्रित रकम को सीधे मंदिर के निर्माण कार्य में लगाया जा सके। लेकिन बदमाशों ने इस नेक काम के लिए जोड़ी गई पाई-पाई पर पानी फेर दिया।

पड़ोसियों की आहट पाकर भागे चोर, जांच में जुटी पुलिस

देर रात जब चोर दानपात्र से पैसे समेट रहे थे, तभी खटर-पटर की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग जाग गए। जैसे ही वे घरों से बाहर आए, उन्होंने संदिग्ध हालत में एक ऑटो को तेजी से वहां से गुजरते देखा। जब लोगों की नजर मंदिर के खुले कपाट पर पड़ी तो अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत पुजारी को इसकी सूचना दी गई। पुजारी ने बिना वक्त गंवाए सेक्टर-46 की पुलिस चौकी को सूचित किया। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों के सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही ऑटो सवार इस गैंग को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed