HBSE 10th: 23 और 24 जुलाई को बंटेंगे एचबीएससी 10वीं के सर्टिफिकेट और माइग्रेशन
प्राइवेट परीक्षार्थियों को डाक से मिलेंगे 10वीं के सर्टिफिकेट, नियमित छात्रों के लिए डीईओ ऑफिस में व्यवस्था
HBSE 10th: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (बीएसईएच) ने मार्च-2026 में आयोजित सेकेंडरी (10वीं) परीक्षा के प्रमाण-पत्र, माइग्रेशन प्रमाण-पत्र और कंपार्टमेंट कार्ड के वितरण की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि 23 और 24 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालयों के माध्यम से इन दस्तावेजों का वितरण किया जाएगा।
बोर्ड के अनुसार, 23 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक और 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विद्यालय, गुरुकुल और विद्यापीठों के मुखिया अपने विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, भिवानी जिले के विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के कमरा नंबर-44 से वितरित किए जाएंगे।
प्राइवेट परीक्षार्थियों को रजिस्टर्ड डाक से भेजे जाएंगे प्रमाण-पत्र, बाद में बोर्ड मुख्यालय से भी मिलेंगे
यदि किसी विद्यालय का मुखिया निर्धारित तिथि पर स्वयं प्रमाण-पत्र लेने नहीं पहुंच सकता है तो वह अपने विद्यालय के किसी अध्यापक या प्राध्यापक को अधिकृत कर सकता है। अधिकृत शिक्षक विद्यालय की ओर से प्रमाण-पत्र, माइग्रेशन और अन्य दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्राइवेट परीक्षार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी।
उनके प्रमाण-पत्र उनके पंजीकृत पते पर रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। बोर्ड ने यह भी बताया कि यदि कोई विद्यालय 23 या 24 जुलाई को किसी कारणवश दस्तावेज प्राप्त नहीं कर पाता है तो बाद में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय से भी प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेज प्राप्त किए जा सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने सभी विद्यालयों से निर्धारित तिथि और समय पर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर दस्तावेज मिलने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश, दाखिला और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें– Hisar News: जन्नत बार में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, शीशे तोड़कर अंदर घुसे दमकलकर्मी
